Palamu : धनबाद रेल मंडल के राजहरा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को एक लंबी मालगाड़ी (लान्ग हाल) के 15 वैगन पटरी से उतर गए। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन को अप लाइन (तीसरी लाइन) से रिवर्सिबल लाइन पर डायवर्ट किया जा रहा था। दुर्घटना में रेलवे के ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) पोल और विद्युत तारों को भी नुकसान पहुंचा है।
बताया जा रहा है कि लॉन्ग हॉल मालगाड़ी, जिसमें तीन इंजन और 116 वैगन जुड़े थे, एसएलसीएस साइडिंग से रवाना हुई थी। यह ट्रेन बुधवार दोपहर 12:55 बजे केएफटी स्टेशन से गुजरी थी। इसके बाद लगभग 1:15 बजे राजहरा स्टेशन के समीप डायवर्जन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया कि ट्रेन के पहले हिस्से में लगे इंजन संख्या 44438 से गिनती करने पर 18वें वैगन से शुरू होकर कुल 15 वैगन पटरी से उतर गए।
दुर्घटना में किलोमीटर संख्या 302/23 पर स्थित ओएचई मास्ट क्षतिग्रस्त हो गया तथा विद्युत तार भी टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने दोपहर 1:30 बजे बरवाडीह से दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) और क्रेन को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। बहाली कार्य में रेलवे के अभियंता एवं तकनीकी कर्मी जुटे हुए हैं। रेलवे के कैरिज एंड वैगन (सीएंडडब्ल्यू) विभाग ने ट्रैक बहाली और क्षतिग्रस्त वैगनों को हटाने के लिए चार पोकलेन और दो जेसीबी मशीनों की मांग की है।
युद्ध स्तर पर जारी हैं राहत कार्य
रेलवे द्वारा राहत एवं बहाली कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे के कारण रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ है। बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन सवारी गाड़ी (08635) को रद कर दिया गया है। अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

