Garhwa : अपहरण के महज पांच घंटे के अंदर ही पुलिस ने अपहृत मुरारी तिवारी को सकुशल बरामद कर दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इसकी जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
3 जून को हुआ था मुरारी तिवारी का अपहरण
एसडीपीओ ने बताया कि गत तीन जून को पुलिस अधीक्षक गढ़वा को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मुरारी तिवारी जो एलएनटी कंपनी में पाइप फिटर के पद पर कार्यरत हैं, उनका अपहरण अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा कर फिरौती की मांग की जा रही है। सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक द्वारा एसडीपीओ को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक से मिले निर्देश के आलोक में एसडीपीओ ने तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर एक छापेमारी टीम का गठन किया।
एसडीपीओ ने बताया कि तकनीक साक्ष्य के आधार पर मझिआंव थाना क्षेत्र के चंदना गांव में छापेमारी की गई तथा शेख अंसार व नदीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुछताछ के दौरान दोनों ने अपहृत मुरारी तिवारी के स्वजनों से स्कैनर के माध्यम से 30,000 रुपये लेने की बात स्वीकार करते हुए अपहरण व फिरौती कांड में शामिल अन्य अपहरणकर्ताओं का नाम बताया।
तत्पश्चात शेख अंसार पिता शेख तसउवर व नदीम खान पिता शमीम खान दोनों ग्राम चंदना, थाना मझिआंव को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इधर, बढ़ते पुलिसिया दबाव के कारण अपहरणकर्ता अपहृत 32 वर्षीय मुरारी तिवारी को छोड़कर भाग गए।
स्कैनर के जरिए ली गई थी फिरौती की रकम
इस तरह घटना के पांच घंटे के भीतर मुरारी तिवारी को चंदना और रमना के बीच से सकुशल बरामद कर लिया गया। मुरारी तिवारी के बयान पर धुरकी थाना में मामला दर्ज कर पुलिस अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। मुरारी तिवारी ने बताया कि तीन जून को सेंट्रल बैंक आफ इंडिया शाखा सगमा के पास काम करा रहे थे, तभी करीब 2:30 बजे एक सफेद बोलेरो में आए चालक सहित 6 अपराधकर्मियों के द्वारा अपहरण कर लिया गया तथा साढ़े सात लाख रुपये की फिरौती की मांग की जाने लगी। बकौल मुरारी तिवारी इस बीच परिजनों से अपहरणकर्ताओं के द्वारा स्कैनर के माध्यम से 30,000 रुपये ले लिया गया। बढ़ते पुलिसिया दबाव के कारण सभी अपराधकर्मी छोड़कर भाग गए। गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं के पास से पुलिस ने दो मोबाइल बरामद किया है।
छापेमारी दल में यह पुलिसकर्मी थी शामिल
छापेमारी दल में एसडीपीओ के अलावे जितेंद्र कुमार आजाद, पुलिस निरीक्षक श्री बंशीधर नगर, बृज कुमार, पुलिस निरीक्षक मझिआंव, रजनी रंजन, थाना प्रभारी भवनाथपुर, अमित कुमार, थाना प्रभारी मझिआंव, पुअनि नसीम अंसारी, ओपी प्रभारी हरिहरपुर, पुअनि सुभाष कांत अकेला, धुरकी थाना, पुअनि शेखर कुमार धुरकी थाना व पुलिस बल के जवान शामिल थे।
Read Also- RANCHI NEWS : खेलगांव में बड़ी चोरी, नेपाल यात्रा पर गए परिवार के घर से 30 लाख तक के गहने उड़ाए

