Jamshedpur: खासमहाल-गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही खासमहाल-गोविंदपुर सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही और कार्यस्थल पर अनुपस्थिति के कारण परियोजना समय पर पूरी नहीं हो सकी है। सड़क की बदहाल स्थिति के चलते जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और धूल से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण ऑटो चालकों, एम्बुलेंस सेवाओं, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों और नागरिकों ने विरोध-प्रदर्शन तथा सड़क जाम कर अपनी नाराजगी भी जताई है। भाजपा परसुडीह मंडल ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण में हुई संभावित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। संगठन ने संबंधित संवेदक की जवाबदेही तय करने, निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने तथा आम जनता के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने की भी मांग की है।
Read also Koderma Murder : चालक हत्याकांड पर फूटा आक्रोश, चार घंटे जाम रहा रांची-पटना हाईवे

