Jamshedpur : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सरकार योगा एकेडमी की ओर से कदमा शास्त्रीनगर स्थित जॉगर्स पार्क स्पोर्ट्स एकेडमी में निःशुल्क योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में शहीद निर्मल सेवा सदन का भी सहयोग रहेगा। शिविर का आयोजन सुबह 5 बजे से 6:30 बजे तक किया जाएगा, जिसमें शहर के सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे।
शिविर में सरकार योगा एकेडमी के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय योगगुरु अंशु सरकार तथा अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक स्मिकी सरकार प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराएंगे। साथ ही योग के माध्यम से शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के उपायों की जानकारी देंगे। इसके अलावा मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव, मोटापा जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए योग की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
अंशु सरकार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर एकेडमी में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों की योग के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ाने के लिए ‘योग प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकेंगे। इसमें योग से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे और बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। शिविर में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

