Hazaribagh (Jharkhand) : झारखंड के हजारीबाग में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष के बाद नववर्ष की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना बीती रात की है, जब शहर के इंद्रपुरी चौक के पास दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। घटना की वजह पिकनिक के दौरान युवकों के बीच शराब के नशे में मामूली विवाद बताई जाती है, जो मारपीट के बाद तलवारबाजी तक पहुंच गई। इस घटना में मंडई निवासी सूरज राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

दोनों घायल युवक रांची रेफर
जानकारी के अनुसार, सूरज राणा पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। इसके अलावा इस हिंसक झड़प में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है। उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है।
मंडई व नूरा से इंद्रपुरी चौक पहुंचा विवाद
जानकारी के अनुसार, नववर्ष के जश्न के दौरान विवाद हुआ। मंडई और नूरा क्षेत्र के युवकों के दो गुट के बीच पहले आपसी गुटबाजी व कथित तौर पर शराब को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले मंडई और नूरा क्षेत्र में विवाद शुरू हुआ, लेकिन धीरे-धीरे देर रात शहर के केंद्र इंद्रपुरी चौक तक पहुंच गया। चौक पर दोनों पक्षों का विवाद मारपीट से लेकर तलवारबाजी तक पहुंच गया। इसी दौरान सूरज राणा को निशाना बनाते हुए घातक हमला हुआ और उनकी मौत हो गई।
दोषियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उन सभी की पहचान के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
Read Also- XLRI Jamshedpur में होगा तृतीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, जुटेंगे उद्योग जगत के दिग्गज

