RANCHI: रांची के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पहाड़ी मंदिर के आसपास अवैध अतिक्रमण के खिलाफ रांची नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम की टीम ने मंगलवार को पहाड़ी मंदिर क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाई गई दुकानों और संरचनाओं को हटाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर कारोबार कर रहे दुकानदारों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
कार्रवाई से लोगों में आक्रोश
नगर निगम की इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। निगम की टीम ने मंदिर के मुख्य मार्ग और आसपास बने अस्थायी ढांचों को भी जब्त कर लिया। कई दुकानदारों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमों के तहत की गई है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
प्रशासक ने किया था निरीक्षण
रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने पहाड़ी मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि मंदिर के चारों ओर अवैध कब्जे, अस्थायी दुकानें बस गई है। अतिक्रमण के कारण न केवल श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है, बल्कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इसके बाद प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
बाहर तक लगा रहे थे दुकान
नगर निगम के अधिकारियों की माने तो पहाड़ी मंदिर रांची का एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है। जहां रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। अवैध दुकानों और संरचनाओं के कारण मंदिर के पास जाम की स्थिति बनी हुई थी। दुकानदार तय सीमा से बाहर निकाल कर अपनी दुकान लगा रहे थे। ऐसे में आपात स्थिति में वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो सकती थी। इन्हीं कारणों से अतिक्रमण हटाने का फैसला लिया गया।
अवैध कब्जा भी हटाएगा निगम
नगर निगम ने यह भी साफ किया है कि यह कार्रवाई केवल दुकानदारों तक सीमित नहीं रहेगी। पहाड़ी मंदिर के चारों ओर जिन लोगों ने अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर रखा है, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस बल की मदद से अतिक्रमण हटाया जाएगा। अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अवैध कब्जे हटाएं और नगर निगम के नियमों का पालन करें।

