RANCHI: चैम्बर भवन में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में बियाडा के गया क्लस्टर के डीजीएम धनंजय कुमार और एरिया मैनेजर सुनील कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर बिहार और झारखंड में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और क्षेत्रीय विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। डीजीएम धनंजय कुमार ने बियाडा द्वारा निवेशकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बिहार की औद्योगिक नीतियों, मजबूत आधारभूत संरचना, भूमि की उपलब्धता और निवेश के अनुकूल माहौल पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बिहार सरकार उद्योगों को आकर्षित करने के लिए कई प्रोत्साहन योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक विकास को गति देना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
झारखंड चैम्बर की ओर से राज्य में निवेश की व्यापक संभावनाओं को सामने रखा गया। झारखंड सरकार द्वारा उद्योगों के लिए दी जा रही नीतिगत सहूलियत, सब्सिडी और आधारभूत सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। इस दौरान चैम्बर ने बियाडा प्रतिनिधिमंडल को झारखंड में निवेश के लिए निवेशकों को आमंत्रित करने का औपचारिक न्योता भी दिया।
चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि झारखंड की उद्योगोन्मुख नीतियां, सरल प्रक्रियाएं और अनुकूल वातावरण राज्य को निवेशकों के लिए आकर्षक बनाते हैं। वहीं सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि बिहार और झारखंड भौगोलिक व आर्थिक रूप से एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग से निवेशकों को बेहतर अवसर मिलेंगे।

