- धनबाद के गोल्फ मैदान में झामुमो का 54वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित
धनबाद : धनबाद के गोल्फ मैदान में गुरुवार को झामुमो का 54वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग उठी। कहा गया कि विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाए। इस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज झारखंड का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। उन्होंने जनता को जोहार बोलने के बाद कहा कि यह जोहर झारखंड तक सीमित नहीं है। पूरे देश मे इस जोहार को सम्मान और समर्थन मिला है। लंदन में भी लोग जोहार बोल रहे हैं।
कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा खड़ी है झामुमो
सीएम ने कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं के लिए हर मौसम, हर चुनौती और हर स्थिति के लिए तैयार हैं। यहां के आंदोलनकारियों ने लंबी लड़ाई लड़ी है। कई ऐसे नेता हैं जिन्होंने हमारे बीच आकर हमें रास्ता दिखाया। यह केवल स्थापना दिवस नही हैं, यह गुरुजी के नहीं रहने का भी दिन है। यह राज्य को सजाने-संवारने का दिन है। गुरुजी के सपनों को पूरा करने का दिवस है। गोल्फ मैदान का स्थान पूरे राज्य में अलग है। इस धरती ने कई नेतृत्व दिए जिन्होंने दमनकारी लोगों के सामने सीना तान कर अपनी कुर्बानी दे दी। यह भगवान बिरसा मुंडा, तिलक मांझी, बिनोद बिहारी, एके राय जैसों का राज्य है। इन्हीं लोगों का बलिदान और समर्पण एक अलग पहचान देता है।
बाहर से आए लोग भी झारखंडी होने पर महसूस करते हैं गर्व
मूलवासी के साथ साथ जो बाहर से आए हैं वो भी अपने आप को झारखंडी बोलने में गर्व महसूस करते हैं। हेमंत सोरेन ने कहा कि जन्म देने वाली मां से पालने वाली मां का ओहदा बड़ा है। झारखंड ने पूरे देश को चलाने का काम किया। पर इस राज्य के लोगों को गरीबी, यातना और अशिक्षा मिली। इसी कारण गुरुजी ने अलग राज्य का बिगुल फूंका। सीएम ने कहा कि यह राज्य गुरु जी के संघर्ष का नतीजा है। झारखंड के लोगों की कुर्बानी इसमें शामिल है।
झारखंड का खून चूसा गया
हेमंत सोरेन ने कहा कि जब अलग झारखंड राज्य का आंदोलन शुरू हुआ तो कितने लोग इस मिट्टी में मिल गए। तब यह राज्य मिला। तो तंज कसा गया कि ये बोका लोग राज्य नहीं चला सकता। राज्य गठन के 15-16 सालों के बाद। हमने भाजपा से सत्ता छीनने का काम किया। हेमंत सोरेन ने कहा कि आज युवा झारखंड अन्य राज्यों से आगे रहता। इसे बीमारू बनाया गया। इसका खून चूसा गया। यहां के स्कूलों को बंद किया गया। गरीबों को मजबूत होने नहीं दिया जा रहा है। सामंती विचार वाले लोग यही करते रहे हैं। अबुआ सरकार बनी तो स्कूल खुले। निजी शिक्षण संस्थानों की तर्ज पर स्कूल चल रहे हैं। आज झारखंड के बेटे विदेशों में भी पढ़ाई करने जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि स्थानीय को नौकरी मिले इसके लिए कानून बनाया। हमने 26 हजार नौजवानों को नौकरी दी है। सीएम ने कहा कि हमने रांची में कोचिंग की पढ़ाई शुरू की ताकि, नौजवान प्रतियोगी परीक्षा पास कर सके।
महसूस हो रही है गुरु जी की कमी
गुरुजी के नहीं रहने की कमी हावी है। आगे का सफर इतना आसान नहीं है। यह बात जरूर है कि जो शिक्षा गुरुजी से ली है उससे देर ही सही मंजिल पर जरूर पहुंचेंगे। आज संकल्प लें कि बड़ी मुश्किल से राज्य और सत्ता मिली। दुबारा झारखंड विरोधी लोगों को मौका नहीं देना है। गांव भी हमारा शहर भी हमारा। कोई कोना नहीं छोड़ना है। राजनीतिक ताकत को मजबूत बनाना है। निकाय चुनाव है और आने वाले दिनों में पंचायत चुनाव भी होगा। देखना होगा, कोई विरोधी हावी न हो।
गुरु जी को भारत रत्न दिलाने के लिए करेंगे आंदोलन
धनबाद : झारखंड विधान सभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग करते हुए कहा कि इसके लिए आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज पहली बार गुरुजी यहां नहीं है। ऐसे में हम लोगों ने एक शपथ ली है कि गुरुजी को भारत रत्न दिलाने के लिए धनबाद से लेकर विधानसभा और केंद्र सरकार तक आंदोलन किया जाएगा।

