CHAIBASA : पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद की पहली शिष्टाचार बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा के अलावा सभी वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद के कर्मी मौजूद थे। बैठक में आने वाले पर्व-त्योहारों को देखते हुए पार्षदों ने नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। वार्ड संख्या 8 के पार्षद संजय पासवान ने कहा कि सभी वार्डों में दो-दो सफाई कर्मियों की बहाली की जाए।
इसके अलावा मोहल्लों में खराब पड़े चापाकलों की जल्द मरम्मत कराई जाए तथा रामनवमी अखाड़ा समितियों के लिए इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था की जाए। वार्ड संख्या 6 की पार्षद शाहीन तबस्सुम ने रानी तालाब से निकलने वाले कैनाल में चारों ओर कचरा जमा होने की समस्या उठाते हुए इसकी जल्द सफाई कराने की मांग की। वहीं वार्ड संख्या 17 और 20 के पार्षदों ने कहा कि हिन्दू नववर्ष और रामनवमी को देखते हुए मेन रोड की विशेष सफाई कराई जानी चाहिए।
बैठक में कुसुमकुंज के पास शहर के मुख्य ड्रेन के जाम होने से पानी की निकासी बाधित होने का मामला भी उठाया गया। इस दौरान सफाई कार्य के लिए लेबर बढ़ाने की मांग भी पार्षदों ने की।सभी समस्याओं को सुनने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि आने वाले एक सप्ताह में हिन्दू नववर्ष, सरहुल, ईद, चैती दुर्गा पूजा, और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहार हैं। ऐसे में शहर की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखना बेहद जरुरी है। उन्होंने कहा कि मंगलवार से सभी वार्डों का दौरा किया जाएगा और जहां भी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद हैं और बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हैं, जिन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर की प्रमुख समस्या नाली की है, जिसे चरणबद्ध तरीके से ठीक करने का प्रयास किया जाएगा।
सभी वार्ड पार्षदों ने लिख कर दीं 10 समस्याएं
अध्यक्ष ने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की 10 प्रमुख समस्याएं लिखित रुप में अगली बोर्ड बैठक में देने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं पर फोकस करें और लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए मिलकर काम करें। साथ ही उन्होंने सभी से हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के पर्व-त्योहारों को मिलजुल कर शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में वार्ड पार्षद स्वपन कुमार मिस्त्री, प्रीति होरो, लीला प्रसाद, गौतम रवानी, राजू प्रसाद कसेरा, संजय पासवान, मायारानी मल, शाहिद तबस्सुम, शेखावत हुसैन, प्रदीप दास, रानी रजक, सुनिती बाग, सुलेखा दत्ता, जहां आरा, मोहम्मद नूरुद्दीन, रवि बांकिरा, राजेश्वरी मुखी, मंजू मिंज, सीताराम तैयसुम, पूजा गिरी, एस पुष्पलता, विनय बर्मन समेत नगर परिषद के कर्मी मौजूद थे।

