रांची : मेयर चुनाव के बाद अब रांची नगर निगम में अगला डिप्टी मेयर कौन होगा, इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। 19 मार्च को इसके लिए मतदान होना है। पूरी राजनीतिक हलचल अब डिप्टी मेयर चुनाव पर केंद्रित हो गई है। चुनाव को लेकर पार्षदों के बीच बैठकों, संपर्क और रणनीति का दौर तेज हो गया है। नगर निगम परिसर में लॉबिंग बढ़ गई है, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी डिप्टी मेयर को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। पर्दे के पीछे से विभिन्न राजनीतिक दल भी अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में सक्रिय हैं।
मतदान से पहले कई स्तरों पर समर्थन जुटाने की कोशिशें जारी हैं। सभी पक्ष पार्षदों को अपने पक्ष में बनाए रखने के लिए लगातार संपर्क में हैं। कुछ पार्षदों को सुरक्षित स्थानों पर रखे जाने की भी चर्चा है, ताकि किसी प्रकार की खरीद-फरोख्त या अंतिम समय में समर्थन बदलने की संभावना को रोका जा सके। व्यक्तिगत संपर्क, छोटे समूहों में बैठकें और फोन पर लगातार बातचीत के जरिए समर्थन सुनिश्चित करने की कवायद जारी है। माना जा रहा है कि मतदान से ठीक पहले कुछ नए समीकरण भी सामने आ सकते हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।
डिप्टी मेयर पद की दौड़ में कई प्रत्याशी हैं। इनमें वार्ड 31 के पार्षद नीरज कुमार का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उन्हें भाजपा समर्थित कई पार्षदों का समर्थन मिल सकता है, जिससे उनकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है। दूसरी ओर महागठबंधन समर्थित सुषमा राज भी मजबूत दावेदार के रूप में उभरी हैं और उनके पक्ष में लगातार समर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों पक्षों की ओर से अपने-अपने समर्थक पार्षदों को साथ बनाए रखने की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर निगम के भीतर यह चुनाव केवल एक पद का चयन नहीं माना जा रहा, बल्कि आने वाले समय में बोर्ड के भीतर शक्ति संतुलन तय करने वाला महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत भी माना जा रहा है। मेयर और डिप्टी मेयर के बीच तालमेल, स्थायी समिति के गठन तथा विकास योजनाओं के संचालन पर भी इस चुनाव का असर पड़ सकता है। इसलिए सभी राजनीतिक दल इस चुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डिप्टी मेयर का परिणाम नगर निगम की भविष्य की कार्यशैली और राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसी कारण मतदान पर सभी की नजरें टिकी हैं और अंतिम समय तक लॉबिंग तेज बनी हुई है।
Read Also: Jamshedpur News: चाकुलिया नगर परिषद को मिला नया नेतृत्व, सोमवारी सरेन ने ली अध्यक्ष पद की शपथ

