Jamshedpur : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में शनिवार शाम एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।14 वर्षीय ज़ैद खान शाम करीब 6 बजे श्यामसुंदर मैदान में क्रिकेट खेलने गया था।
इसी दौरान आमिर नामक युवक, जो अलकबीर पॉलिटेक्निक के पीछे का रहने वाला बताया जा रहा है, उसके साथ मज़ाक करने लगा।बताया जा रहा है कि जब ज़ैद ने इस मज़ाक का विरोध किया, तो मामला अचानक बिगड़ गया। आरोप है कि आमिर ने गुस्से में आकर डैगर निकाल लिया और ज़ैद खान पर हमला कर दिया। इस हमले में ज़ैद की पीठ में गंभीर चोट लगी है।
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत घायल ज़ैद को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।फिलहाल, खबर लिखे जाने तक इस मामले में कपाली ओपी में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस शिकायत के इंतजार में है और मामला दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

