Jamshedpur : विधायक सरयू राय ने रविवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया के साथ अहम बैठक कर टाटानगर जंक्शन पर ट्रेनों की लगातार हो रही देरी को लेकर चिंता जताई है।
बैठक में रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें सीनियर डीसीएम, एरिया मैनेजर, डिवीजनल इंजीनियर और आरपीएफ प्रभारी शामिल हैं। इस दौरान अधिकारियों ने स्वीकार किया कि बीते कुछ समय से यात्री ट्रेनें निर्धारित समय से काफी विलंब से टाटानगर पहुंच रही हैं। उन्होंने इसके पीछे विभिन्न परिचालन कारणों का हवाला दिया और बताया कि सुधार के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं, लेकिन इन्हें लागू होने में कुछ महीने लग सकते हैं।
इस पर सरयू राय ने कहा कि आम जनता को तत्काल राहत की जरूरत है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से पूछा कि अगले दो-चार दिनों में देरी कम करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 7 अप्रैल को प्रस्तावित नागरिक धरना का मुख्य उद्देश्य इसी समस्या का त्वरित समाधान करना है।
विधायक ने रेलवे से पिछले तीन-चार महीनों में टाटानगर पहुंचने वाली प्रमुख ट्रेनों की देरी का विस्तृत डेटा भी मांगा। उन्होंने कहा कि वेबसाइट के आंकड़ों के आधार पर यह विश्लेषण किया जाए कि देरी के मुख्य कारण क्या हैं और उन्हें कैसे दूर किया जा सकता है।
डीआरएम तरुण हुरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोमवार तक पूरी रिपोर्ट तैयार कर विधायक को सौंपी जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और समाधान की दिशा तय की जा सके।
बैठक के दौरान सरयू राय ने सुझाव दिया कि आवश्यकता पड़ने पर मालगाड़ियों को कुछ समय के लिए रोककर यात्री ट्रेनों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके। उन्होंने दोहराया कि जब तक रेलवे प्रशासन जमीनी स्तर पर सुधार नहीं दिखाता, तब तक केवल आश्वासनों पर भरोसा करना मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित नागरिक धरना तय समय और स्थान पर ही होगा। साथ ही उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन अपनी रिपोर्ट में देरी दूर करने के लिए ठोस और त्वरित उपाय पेश करेगा, ताकि यात्रियों का भरोसा फिर से बहाल हो सके।

