Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पारडीह चौक स्थित एक गल्ला (राशन) दुकान में बीती रात चोरों ने फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की एसबेस्टस छत काटकर अंदर घुसे और नकदी समेत हजारों रुपये की सामग्री लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
गौरतलब है कि पारडीह चौक स्थित महेश सिंह की गल्ला दुकान (मामा स्टोर) को निशाना बनाते हुए चोर देर रात छत काटकर दुकान के भीतर घुस गए। बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह महेश सिंह रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अच्छी बिक्री होने के कारण उन्होंने सुबह दूध, दही और अन्य कच्चे सामान के भुगतान के लिए करीब 85 हजार रुपये नकद दुकान में रख छोड़े थे।सुबह करीब 6 बजे जब महेश सिंह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और जांच करने पर पता चला कि चोर छत काटकर अंदर घुसे थे।
दुकान में रखे बैग से करीब 85 हजार रुपये नकद और लगभग 10 हजार रुपये मूल्य की सामग्री चोरी कर ली गई थी।घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद मानगो थाना को घटना की सूचना देकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई।विकास सिंह ने मानगो क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और डेली लॉटरी के अवैध नेटवर्क पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई मोहल्लों में खुलेआम नशा सामग्री और अवैध गतिविधियों का कारोबार चल रहा है, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि चोरी, नशे के कारोबार और अवैध लॉटरी पर रोक नहीं लगी तो लोगों को जागरूक करने और भयमुक्त माहौल बनाने के लिए पैदल मार्च निकाला जाएगा।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की तलाश की जा रही है।

