चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में उपायुक्त के मार्गदर्शन में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 9 अभियोग दर्ज किए गए। इस दौरान 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 5 के खिलाफ फरार अभियोग दर्ज किया गया है।

गुवा में दो गिरफ्तार
उत्पाद विभाग की टीम ने गुवा थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी, बड़ाजामदा और कल्याण नगर में छापेमारी की। अवैध बिक्री के आरोप में 2 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया। घटनास्थल से 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद हुई।
मंझारी में 9 लीटर विदेशी शराब जब्त
मंझारी थाना के ग्राम मिरुडीह में छापेमारी के दौरान 9 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। बिक्रीकर्ता मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ फरार अभियोग दर्ज कर तलाश की जा रही है।
चक्रधरपुर में दो धराए
चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के दंदासाई और बाराखोली में अवैध शराब बिक्री के आरोप में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई।
झींकपानी में 4 भट्ठियां ध्वस्त
झींकपानी थाना के गुड़ा ग्राम में उत्पाद विभाग ने अवैध चुलाई शराब की 4 भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। भट्ठियों से कुल 80 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद हुई। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए रखा गया करीब 1500 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ मौके पर ही नष्ट किया गया। तारों भट्ठी संचालकों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है।उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। आम लोगों से अपील है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तुरंत विभाग को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

