चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत बासाकुटी गांव में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना घटी। गांव की 14 वर्षीय बच्ची मोती कांडेयांग को रात करीब 11 बजे पलंग पर सोते समय चित्ती सांप ने काट लिया। परिजनों के अनुसार बच्ची रात में पलंग पर सोई हुई थी। इसी दौरान अचानक चित्ती सांप पलंग पर चढ़ गया और बच्ची को डंस लिया। सांप के काटते ही बच्ची चीखने लगी। आनन-फानन में परिजन उसे रात में ही सदर अस्पताल, चाईबासा लेकर पहुंचे। चाईबासा सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत एंटी वेनम डोज दिया। मगर जहर फैलने के कारण बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसे आईसीयू में शिफ्ट कर बेहतर इलाज किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही खूंटपानी प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्ची का हाल-चाल जाना और डिस्ट्रिक्ट सुपरिंटेंडेंट शिवचरण हांसदा से बात कर बेहतर इलाज के निर्देश दिए। प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा ने आम नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में सांप अक्सर बिल से बाहर निकलकर घरों में घुस आते हैं।
रात में सोने से पहले मच्छरदानी का प्रयोग करें। शौच के लिए जाते समय टॉर्च का उपयोग करें और सतर्क रहें।उन्होंने कहा कि अगर किसी को सांप काट ले तो तुरंत जिला अस्पताल लाकर इलाज कराएं। झाड़-फूंक, ओझा-गुनी के चक्कर में समय बर्बाद न करें, क्योंकि इससे मरीज की जान का खतरा बढ़ जाता है। चिकित्सकों के अनुसार, सांप के जहर का असर रोकने के लिए शुरुआती एक घंटा बेहद अहम होता है। समय पर एंटी वेनम मिलने से जान बचाई जा सकती है।

