Jamshedpur : झारखंड में जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीडीह लाइन नंबर-5 निवासी 15 वर्षीय पीयूष पटेल की बॉक्सिंग प्रैक्टिस के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार समेत पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि पीयूष पटेल शनिवार शाम रोजाना की तरह काशीडीह कम्युनिटी सेंटर में बॉक्सिंग अभ्यास के लिए पहुंचा था। वह रिंग में पंचिंग और प्रैक्टिस कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा।पीयूष को गिरता देख वहां मौजूद अन्य खिलाड़ी और कोच तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। काफी देर तक उसे होश में लाने की कोशिश की गई, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण पीयूष को हार्ट अटैक आया हो सकता है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया।पीयूष अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता का करीब 10 महीने पहले निधन हो चुका था। परिवार में उसकी मां और दो बड़ी बहनें हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं मोहल्ले में भी शोक और मातम का माहौल है। यह घटना जमशेदपुर में लोगों को झकझोर देने वाली बन गई है।

