पलामू : बच्चों को प्रकृति और संस्कृति की जानकारी देने के लिए पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) ने अनोखी पहल शुरू की है। इसके तहत ‘अन्वेषण’ जंगल कैंप का आयोजन किया जा रहा है। बेतला में जंगल कैंप की शुरुआत की जाएगी। युवाओं को वन्यजीव संरक्षण की बातें सिखाई जाएंगी। साथ ही उन्हें प्राकृतिक धरोहर और आदिवासी संस्कृति से अवगत कराया जाएगा। कैंप के माध्यम से शहरी-ग्रामीण बच्चों को एक मंच पर लाने की पहल की गई है।
कैंप का उद्देश्य है कि शहर एवं ग्रामीण इलाके के बच्चों को एक साथ मिलाया जाए ताकि उन्हें एक दूसरे को समझने का अवसर मिल सके। शहरी इलाके के युवा एवं बच्चों को गांव, आदिवासी संस्कृति एवं जंगल में मौजूद प्राकृतिक धरोहर से रूबरू कराया जाए। साथ ही ग्रामीण परिवेश के युवा और बच्चों को शहरी इलाके के लोगों को समझने का मौका मिल सके।
29 से 31 मई तक बेतला नेशनल पार्क में रहेगा पहला बैच
PTR 29 मई से जंगल कैंप की शुरुआत करने जा रहा है। पहला बैच 29 से 31 मई बेतला नेशनल पार्क में रहेगा, जिसमें देश भर के 16 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चे और युवा भाग ले सकते हैं। सभी को बेतला पार्क में रखा जाएगा। ग्रामीण इलाकों के बच्चों के लिए यह कैंप निशुल्क रहेगा। जबकि शहरी इलाके से भाग लेने वाले युवा एवं बच्चों के लिए फीस तय की गई है।
जंगल कैंप में कई तरह की एक्टिविटी आयोजित की जानी है। पीटीआर प्रबंधन के अनुसार पहले बैच में 25 से 30 बच्चों को रखा जाना है। युवा एवं बच्चों को जंगल से रूबरू कराया जाएगा और वन्य जीवों की प्रकृति, उनके आहार एवं अन्य तरह की जानकारी दी जाएगी। वन्य जीव का संरक्षण के लिए कौन सी तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है, ग्रामीण कैसे वन्य जीव के नजदीक रहते हैं और उनके संरक्षण में भी अपनी भूमिका को निभाते हैं- पूरी जानकारी दी जाएगी।
Read Also: Ranchi News: छवि रंजन ने खेल निदेशक का ग्रहण किया पदभार: बोले- हर जिले से होगी खिलाड़ियों की खोज

