Palamu : झारखंड के पलामू जिले में ब्याज के पैसे को लेकर हुए विवाद ने एक पारा शिक्षक की जान ले ली। छत्तरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द निवासी पारा शिक्षक उदय सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित साथी पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह उधार लिए गए पैसों पर बढ़ी रकम को लेकर पैदा हुआ विवाद था।
गौरतलब है कि सुरेंद्र यादव ने करीब छह माह पहले उदय सिंह से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोप है कि उदय सिंह उससे ब्याज जोड़कर 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच एक सप्ताह पहले कहासुनी, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी हुई थी। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद से नाराज होकर सुरेंद्र ने हत्या की साजिश रची।
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर बीयर पी थी। इसके बाद सुरेंद्र यादव उदय सिंह को सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने अपने झोले में छिपाकर रखे फरसा से उदय सिंह की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की पत्नी की शिकायत पर छत्तरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया। जांच के दौरान सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा हत्या में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र यादव छतरपुर के नाग बाबा क्षेत्र का रहने वाला है और तारूदाग डिंडी में पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच में छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे और अवर निरीक्षक राहुल कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही

