Home » Jamshedpur News : जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, विभागीय समन्वय और त्वरित निष्पादन पर जोर

Jamshedpur News : जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, विभागीय समन्वय और त्वरित निष्पादन पर जोर

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur District Coordination Committee Meeting
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़े कार्यों और विकास योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था की सफलता विभागों के बीच बेहतर तालमेल और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है।

बैठक में आधारभूत संरचना विकास, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों की एनपीसीआई मैपिंग प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को सभी प्रखंडों में बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया, ताकि लाभुकों को अनावश्यक रूप से प्रखंड कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

सर्वजन पेंशन योजना के सभी लाभुकों का भौतिक सत्यापन एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं आवास योजना के संभावित लाभुकों का चयन ग्राम सभा की स्वीकृति के साथ पूरी पारदर्शिता से करने तथा सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया।

मनरेगा के तहत जारी जॉब कार्डों के ई-वेरिफिकेशन का कार्य 1 जुलाई से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी प्रखंडों में जर्जर और अनुपयोगी आवासीय भवनों को चिन्हित कर उन्हें कंडम घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।

बैठक में सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि चिन्हित किए जाने की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने शीघ्र टेंडर प्रक्रिया शुरू करने तथा पार्किंग शुल्क अधिकतम 10 रुपये निर्धारित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में चल रहे आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता और एमजीएम प्रबंधन को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने एनएचएआई और जिला परिवहन विभाग को पारडीह से बहरागोड़ा तक चिन्हित स्थानों पर वाहनों की गति सीमा की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

सभी अंचलाधिकारियों को प्रत्येक प्रखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और वेस्ट-टू-आर्ट पार्क निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही जिला स्तरीय कार्यालयों के रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को नशापान के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद जी, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी सहित सभी बीडीओ, सीओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Read Also: Jamshedpur News: जिला योजना समिति की बैठक में 139 नई विकास योजनाओं पर मंथन, 38 योजनाओं को मिली घटनोत्तर स्वीकृति

Related Articles

Leave a Comment