
jamshedpur : न्यूवोको विस्तास कॉर्प सीमेंट प्लांट की मान्यता प्राप्त जेसीपी इंप्लाइज यूनियन की वार्षिक आमसभा में नौवीं बार राकेश्वर पांडे को फिर सर्वसम्मति से यूनियन का अध्यक्ष चुन लिया गया। रविवार को यूनियन कार्यालय में हुई आम सभा में संविधान संशोधन संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया गया।
रविवार को जेसीपी इंप्लाइज यूनियन की वार्षिक आमसभा बिष्टुपुर स्थित यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सर्वप्रथम आम सभा में दिवंगत कर्मचारियों और ट्रेड यूनियन नेताओं की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का शौक रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई l
विजय खान ने दी यूनियन गतिविधियों की जानकारी
इसके उपरांत महामंत्री विजय खान ने सचिव प्रतिवेदन पढ़कर सुनाया और पिछले सालों में यूनियन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार पूर्वक अपना विचार रखा। इस दौरान उन्होंने पिछले वर्ष यूनियन के द्वारा किए गए वेतन समझौता और सालाना बोनस की भी जिक्र किया। इसके उपरांत कोषाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने यूनियन का अकाउंट का विस्तृत ब्यौरा आम सभा के समक्ष रखा और कोष की स्थिति की पूरी जानकारी दी। जिसे सभी ने हाथ उठाकर पारित किया।
कमेटी में कुल सदस्यों की संख्या अब होगी नौ
तत्पश्चात पूर्व निर्धारित एजेंडा के मुताबिक यूनियन के संविधान में संशोधन पर चर्चा की गई । इस संदर्भ में अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि यूनियन के संविधान के आर्टिकल 5 में एग्जीक्यूटिव कमिटी की कुल संख्या 25 है जो 1999 में संविधान निर्माण के समय तय की गई थी, क्योंकि वर्तमान में कर्मचारियों की संख्या कम हुई है, ऐसे में हमें एग्जीक्यूटिव कमिटी के सदस्यों की संख्या में भी कमी करनी होगी। उन्होंने यूनियन के एक्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्यों की कुल संख्या को 25 से घटकर नौ करने का संशोधन संबंधित प्रस्ताव आमसभा के समक्ष रखा। जिसे आमसभा ने पारित कर दिया इसके उपरांत यूनियन का चुनाव एक महीना पहले लंबित हो चुका है, एजेंडा के मुताबिक उस पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। इस मौके पर उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने राकेश्वर पांडे जी को पुनः यूनियन का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव आमसभा के समक्ष लाया, जिसका समर्थन महामंत्री विजय खान ने किया। उपस्थित आम सभा के सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से इस प्रस्ताव को पारित कर दिया।
संजीव श्रीवास्तव ने लाया कमेटी गठित करने का प्रस्ताव
यूनियन के कोषाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय को संविधान संशोधन के उपरांत पूरी कमेटी को गठित करने के लिए अधिकृत करने का प्रस्ताव लाया, जिसका समर्थन कार्यकारिणी सदस्य एनबी थापा ने किया। उपस्थित आम सभा के सभी सदस्य ने करतल ध्वनि से इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया और अध्यक्ष राकेश्वर पांडे को यूनियन के संविधान के आर्टिकल 5 के संशोधन के उपरांत पूरी कमेटी को बनाने के लिए अधिकृत किया।
बनेगा राकेश्वर पांडे मेडिकल ट्रस्ट
तत्पश्चात उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने यूनियन की उपलब्धियां पर प्रकाश डालते हुए हाउस के समक्ष पिछले दिनों कमिटी मीटिंग में पारित प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए पूर्व एवं वर्तमान कर्मचारियों के लिए एक वेलफेयर ट्रस्ट बनाने का प्रस्ताव लाया। जिसका नाम राकेश्वर पांडे मेडिकल ट्रस्ट रखा जाएगा और इसके तहत यूनियन के पूर्व और वर्तमान सभी कर्मचारियों को मेडिक्लेम के तहत जोड़कर उन्हें जमशेदपुर से बाहर किसी भी गंभीर बीमारी के दौरान कोई दिक्कत ना हो और उन्हें समुचित इलाज की सुविधा मिल सके, ऐसी व्यवस्था बनाई जा सके। इस प्रस्ताव का समर्थन यूनियन के महामंत्री विजय खान ने किया और सभी आम सभा के सदस्यों ने इस प्रस्ताव को पारित किया और बहुत जल्दी ट्रस्ट का निर्माण कर कर्मचारियों के वेलफेयर की दिशा में काम को आगे बढ़ाने के लिए निर्णय लिया गया l
इस मौके पर उपस्थित कर्मचारियों ने भी बहुत सारे मुद्दों एवं समस्याओं पर अपने विचार व्यक्त किया और इसके निराकरण के लिए अध्यक्ष राकेश्वर पांडे से आग्रह किया l
जल्द होगी पूरी कमेटी का गठन ; राकेश्वर
अंत में राकेश्वर पांडे ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सबों का समर्थन और प्यार पिछले 27 वर्षों से मुझे मिलने आ रहा है l इस यूनियन के पास एक अलग विजन और सोच है । इसके तहत हम सभी लोग मिलकर अपने वर्तमान और पूर्व कर्मचारियों के लिए कुछ अच्छा काम करने की सोच रखते हैं और इस दिशा में आप सबके सहयोग से हम लोग आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि आप सब ने पुनः एक बार मुझ पर विश्वास व्यक्त करते हुए अपने यूनियन का अध्यक्ष बनाया है। निश्चित तौर पर श्रम विभाग से संविधान संशोधन होने के उपरांत मैं नई कमेटी बनाऊंगा, जो आप सबों की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं पर पूरी तरह से खरा उतरकर मजदूर हित में और भी अच्छा काम करेगी। अंत में विजय खान ने धन्यवाद ज्ञापन किया l इस मौके पर एनबी थापा, रणवीर कर्मकार, केके हाँसदा सहित काफी संख्या में कर्मचारी भी उपस्थित थे।

