Home » West Singhbhum News : गोइलकेरा के महादेवशाल धाम में धूमधाम से शुरू हुआ श्रावणी मेला

West Singhbhum News : गोइलकेरा के महादेवशाल धाम में धूमधाम से शुरू हुआ श्रावणी मेला

सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने किया उद्घाटन, क्षेत्र की सुख-शांति के लिए की प्रार्थना।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : श्रावण माह के अवसर पर गोइलकेरा स्थित महादेवशाल धाम में रविवार को श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन सिंहभूम सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने बाबा भोलेनाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की और माथा टेककर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। प्रसाद ग्रहण कर उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात भी की।

शिवभक्तों की बढ़ने लगी भीड़

मेले की शुरुआत के साथ ही महादेवशाल धाम में भक्तों का आना शुरू हो गया है। रविवार होने के कारण मंदिर में दूर-दराज से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं की कतारें लगीं। सभी ने बारी-बारी से जलाभिषेक कर बाबा का आशीर्वाद लिया।

सोमवारी की भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट

महादेवशाल सेवा समिति और जिला प्रशासन ने सोमवारी पर होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पहले से ही सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। बीडीओ विवेक कुमार और थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा ने समिति के पदाधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विकास कार्यों का भी हुआ उद्घाटन

मेला शुरू होने से पहले सांसद और विधायक ने मंदिर परिसर में कराए गए कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इनमें पीसीसी पथ, पेवर्स ब्लॉक, भंडारा कक्ष का निर्माण और शौचालय की मरम्मत शामिल हैं। यह मेला पूरे श्रावण माह तक चलेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की हैं।

मौके पर रहें ये उपस्थित

इस मौके पर जिला परिषद सदस्य ज्योति मेराल, महादेवशाल सेवा समिति सचिव रामचंद्र प्रसाद, अध्यक्ष सह बीडीओ विवेक कुमार, राजेश चौरसिया, सुधीर बाजपेई, सीताराम बेसरा, ज्ञानचंद रजक, आशीष जायसवाल, प्रीतम गुप्ता, राकेश गुप्ता, दिनेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Read Also Chaibasa News : कोल्हान विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर सांसद व विधायक से मिले छात्र प्रतिनिधि

Related Articles

Leave a Comment