
रामगढ़ : पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह लगभग 11 बजे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रतिमा अनावरण के बाद वे शिबू सोरेन के पैतृक आवास पहुंचकर उनकी तस्वीर पर सामाजिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर पर झारखंड आंदोलन से जुड़े अनेक वरिष्ठ लोग, जनप्रतिनिधि और समर्थक भी मौजूद रहेंगे।
विकास मेला और परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन
प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर नेमरा-लुकैयाटांड़ मैदान में विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे। इसके बाद पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं से जुड़ी परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।
विकास मेले में ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित कई विभाग अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके साथ ही पात्र लोगों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
नेमरा में जुटेंगे मंत्री, विधायक और झारखंड आंदोलनकारी
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के कई मंत्री, विधायक, सांसद, झारखंड आंदोलनकारी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रहेगी। प्रशासन को उम्मीद है कि कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।
पड़ोसी राज्यों से भी पहुंचेंगे समर्थक
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर झारखंड के अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से भी उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के नेमरा पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा और यातायात प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
झारखंड आंदोलन में शिबू सोरेन का योगदान
दिशोम गुरु शिबू सोरेन को झारखंड अलग राज्य आंदोलन के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता है। अलग झारखंड राज्य के निर्माण के आंदोलन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। आदिवासी, मूलवासी और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज को उन्होंने लंबे समय तक राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया। उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धांजलि के साथ-साथ विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का भी माध्यम बनेगा।

