
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड के अंगारपदा पंचायत अंतर्गत अंगारपदा गांव, कुन्डुवाबसा टोला, बुरुसाई में सोमवार को बारिश के बीच एक हृदयविदारक घटना घट गई। मिट्टी के मकान की दीवार गिरने से एक मासूम की दबकर जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक मोरा पूर्ति और शांति पूर्ति का बेटा रोहित पूर्ति अपने दो अन्य बच्चों के साथ घर के आंगन में खेल रहा था। पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मिट्टी का मकान पूरी तरह भीगकर कमजोर हो चुका था। इसी दौरान अचानक दीवार भरभरा कर गिर पड़ी और रोहित उसके नीचे दब गया।
घटना के वक्त बच्चे की मां शांति पूर्ति खेत में मजदूरी करने गई हुई थीं। हादसे की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर बच्चे को निकालने की कोशिश की। लेकिन मिट्टी और ईंट हटाने तक रोहित पूर्ति दम तोड़ चुका था।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है। लगातार बारिश की वजह से इलाके में कच्चे और कमजोर मकानों पर खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम में संवेदनशील और जर्जर घरों की पहचान कर समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Read Also Chaibasa News : पवित्र सावन की तीसरी सोमवारी पर महादेवशाल मंदिर पहुंचे उपायुक्त मनीष कुमार

