Home » Ghatshila News : अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मऊभंडार में हुई महाआरती

Ghatshila News : अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मऊभंडार में हुई महाआरती

Ghatshila News : श्रद्धालु बेलपत्र, फूल, दूध एवं जल लेकर शिवालय पहुंचे और शिवलिंग पर अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।

by Anurag Ranjan
Ghatshila Last Somwari: Shiva Temple Maha Aarti
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ghatshila : सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर घाटशिला एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसरों में दिन भर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे।

श्रद्धालु बेलपत्र, फूल, दूध एवं जल लेकर शिवालय पहुंचे और शिवलिंग पर अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। महिला, पुरुष एवं बच्चों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिरों में भक्तिमय माहौल बना रहा। कई शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए।

इधर, मऊभंडार शिव मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर शाम को भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इससे पहले भोले बाबा के शिवलिंग को आकर्षक ढंग से सजाया गया। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।

मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष बीएन सिंहदेव, महासचिव नवल सिंह, संरक्षक ओम प्रकाश सिंह, राकेश अग्रवाल, प्रो. इंदल पासवान, संदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महासचिव नवल सिंह ने सभी श्रद्धालुओं को सावन की अंतिम सोमवारी की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन में सहयोग के लिए आभार जताया।

फुलडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी का पुनर्गठन

घाटशिला : फुलडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को विभूति मंच, घाटशिला में आयोजित हुई। बैठक में कमेटी के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पिछले वर्ष के पूजा आयोजन के आय-व्यय का लेखा-जोखा कोषाध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिस पर सदस्यों ने चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से पुरानी कमेटी को भंग कर नई कमेटी के गठन का निर्णय लिया गया। इसके तहत सौमित्र सरकार को सचिव तथा हरि शंकर महतो को अध्यक्ष बनाया गया। नवगठित कमेटी के पदाधिकारियों को उपस्थित सदस्यों ने शुभकामनाएं दीं।

बैठक में वर्ष 2026 में मां दुर्गा की पूजा भव्य एवं धूमधाम से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। षष्ठी से नवमी तक श्रद्धालुओं के मनोरंजन और स्थानीय सांस्कृतिक प्रतिभाओं को मंच देने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कमेटी के सदस्यों ने कहा कि पूजा को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए सभी के सहयोग से आयोजन किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के श्रद्धालुओं से पूजा के सफल आयोजन में सहयोग एवं सहभागिता की अपील की गई।

बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम सचिव सुशांत शीट, मिठू बिस्वास, किशोरी मोहन महतो, महेंद्र महतो, अनूप दत्त, प्रवीण महतो, सुभाष शीट, दीपक बिस्वास, मुनमुन नंदा दाश, कौशिक शीट, कार्तिक शीट, गिरधारी महतो, चित्तरंजन कुमार, दुलाल कांति महतो, अमन शीट समेत कमिटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

रेलवे स्टेशन के पास शिव मंदिर में जलाभिषेक, श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण

घाटशिला : श्रावण महीने के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर घाटशिला रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शिव मंदिर में समाजसेवी कुनाल कुमार महतो ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राहुल पांडेय, उपमुखिया सुजन मान्ना, सिद्धार्थ रॉय, जगदीश अग्रवाल, मंटू प्रजापति, मुनमुन पांडेय, मंदिर के पुजारी सुशांत पांडेय, प्रिंस मिश्रा, संजय रजक, देवांशु सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।

Read Also: Ghatshila News : सीआई से मारपीट के मामले में अंचल कर्मियों ने बदला आंदोलन का तरीका, काला बिल्ला लगाकर करेंगे विरोध

Related Articles