
जमशेदपुर : सी-सेक्शन यानी सिजेरियन डिलीवरी के बाद कुछ महिलाओं को अचानक तेज ठंड या कंपकंपी महसूस होने लगती है। इस स्थिति से कई नई माताएं घबरा जाती हैं, लेकिन अधिकतर मामलों में यह प्रसव और ऑपरेशन के दौरान शरीर में हुए बदलावों की सामान्य प्रतिक्रिया होती है। महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. विनिता सहाय के अनुसार, कंपकंपी आमतौर पर कुछ समय में स्वतः कम हो जाती है। हालांकि इसके साथ अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
एनेस्थीसिया के प्रभाव से बदल सकता है तापमान
सी-सेक्शन के दौरान स्पाइनल या एपिड्यूरल एनेस्थीसिया दिया जाता है। इसके प्रभाव से कुछ समय के लिए शरीर की तापमान नियंत्रित करने वाली प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऑपरेशन समाप्त होने और एनेस्थीसिया का असर कम होने के दौरान शरीर स्वयं को सामान्य तापमान पर लाने का प्रयास करता है, जिससे ठंड लगने या कंपकंपी जैसी प्रतिक्रिया सामने आ सकती है।
हार्मोन में अचानक बदलाव भी कारण
गर्भावस्था और प्रसव के समय महिला के शरीर में कई हार्मोन सक्रिय रहते हैं। डिलीवरी के बाद ऑक्सीटोसिन, एड्रेनालिन तथा अन्य हार्मोन के स्तर में तेजी से परिवर्तन होता है। डॉ. विनिता सहाय के मुताबिक, यह बदलाव भी शरीर में कंपकंपी पैदा कर सकता है। प्रसव की थकान, दर्द, तनाव और भावनात्मक उत्तेजना इस प्रतिक्रिया को और बढ़ा सकती है।
ऑपरेशन थियेटर की ठंड और रक्त की कमी
ऑपरेशन थियेटर को संक्रमण से बचाव और चिकित्सकीय जरूरतों के कारण ठंडा रखा जाता है। इस दौरान शरीर का हिस्सा खुला रहने, नसों के रास्ते ठंडे आईवी फ्लूइड या दवाएं दिए जाने से भी तापमान कम हो सकता है। डिलीवरी के दौरान अधिक रक्तस्राव, कमजोरी या शरीर में पानी की कमी होने पर भी ठंड और कंपकंपी महसूस हो सकती है।
कब इसे सामान्य नहीं मानना चाहिए?
सी-सेक्शन के बाद थोड़े समय तक रहने वाली कंपकंपी सामान्य हो सकती है, लेकिन यदि यह लगातार जारी रहे या इसके साथ तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, चक्कर, बेहोशी, तेज पेट दर्द, घाव में लालिमा अथवा दुर्गंधयुक्त स्राव हो तो तुरंत डॉक्टर को जानकारी देनी चाहिए। ये संक्रमण, अत्यधिक रक्तस्राव या किसी दूसरी स्वास्थ्य समस्या के संकेत हो सकते हैं।
राहत पाने के लिए क्या करें?
कंपकंपी होने पर अस्पताल के कर्मचारियों को तुरंत बताएं। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार कंबल, गर्म आईवी फ्लूइड या त्वचा से त्वचा का संपर्क मददगार हो सकता है। धीरे-धीरे गहरी सांस लेना और पर्याप्त आराम भी शरीर को सामान्य/ होने में सहायता देता है। किसी दवा का सेवन स्वयं न करें।

