
गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत मझिआंव थाना क्षेत्र के बोदरा गांव स्थित टोला नदी के कलवर्ट के पास मंगलवार को देर शाम एक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब टीवीएस बाइक अनियंत्रित होकर करीब छह फीट गहरी खाई में जा गिरी।
मृतक की पहचान बरडीहा थाना क्षेत्र के गंगतीरिया गांव निवासी सुनील रजवार के पुत्र मनीष कुमार (17) के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में घायल कुंदन कुमार (16), पिता रामजी रजवार भी इसी गांव का रहने वाला है। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शिक्षक ललित पांडेय और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (मझिआंव) पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. कविता कुमारी ने जांच के बाद मनीष को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। घायल कुंदन का प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टर ने बताया कि दोनों किशोर नशे की हालत में थे।

