
चाईबासा : बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम चाईबासा में रविवार को आयुष मेगा कैंप के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर और योग मित्र प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कैंप का मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना और स्कूली विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता व नियमित अभ्यास की आदत विकसित करना था।
340 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
आयुष स्वास्थ्य शिविर में कुल 340 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने सभी की जांच कर आयुष पद्धति के अनुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों को मच्छरदानी भी दी गई, ताकि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हो सके। शिविर के माध्यम से लोगों को संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
योग मित्र प्रतियोगिता में दिखा बच्चों का उत्साह
कैंप के दौरान आयुष विभाग द्वारा योग मित्र के रूप में चिन्हित स्कूलों के बच्चों के बीच योग प्रतियोगिता कराई गई। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और समूह में योगासन का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों का संदेश दिया। प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय झींकपानी की छात्राओं के योग मित्र समूह ने पहला स्थान हासिल किया।
रंगोली और गुब्बारों से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा गुब्बारे उड़ाकर किया गया। मौके पर JSLPS की दीदियों ने आकर्षक रंगोली बनाई, जिसने पूरे स्टेडियम की शोभा बढ़ा दी और स्वास्थ्य व योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, सिविल सर्जन, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) सहित आयुष विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। आयुष मेगा कैंप के जरिए लोगों को मुफ्त इलाज, योग के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवन का संदेश देने की सफल कोशिश की गई।
Read Also SR Rungta B-Division League : एकतरफा मुकाबले में एनसीसी जामदा ने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को रौंदा

