पटना : चाहे जितना रोक लगा लो। पीने वाले पीयेंगे ही। जब पीनेवाले पीयेंगे तो खरीदेंगे भी। इस खरीद-बिक्री की बात उस राज्य के लिए हो रही है जहां पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। वह भी आज से नहीं, पिछले कई साल से। लेकिन अब शायद शराबबंदी कानून का डर कम हो गया या फिर शराब के अवैध कारोबार का अर्थतंत्र ही इतना मजबूत है कि यह राज्य शराब के अवैध कारोबार का केंद्र बन गया है।

हरियाणा से बिहार पहुंची थी बड़ी खेप, जब्त की गई एक करोड़ की शराब
दूसरे प्रदेशों से शराब की खेप लगातार बिहार पहुंच रही है। इस बार तो जब्त की गई शराब की कीमत एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। दरअसल, शराब के अवैध धंधेबाज और उसके शौकीन लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मोतिहारी से सामने आया है जहां पुलिस ने शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है। जब्त शराब की कीमत एक करोड़ रुपए बताई जा रही है।
हरियाणा से भेजी गई थी खेप, मुजफ्फरपुर में होनी थी सप्लाई
लगता है इस बार बिहार के खुफिया तंत्र ने ठीक काम किया। दरअसल, पटना स्थित मद्य निषेध इकाई ने मोतिहारी पुलिस को सूचना दी थी कि हरियाणा से चलकर भारी मात्रा में शराब को बिहार पहुंचाया गया है। इस खेप की डिलीवरी मुजफ्फरपुर होनी है। यह जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। प्राप्त सूचना के आधार पर छतौनी थाना क्षेत्र स्थित बरियारपुर में एनएच 28बी पर पुलिस ने अपनी बिसात बिछायी। इसी क्रम में पुलिस ने जब संदिग्ध ट्रक की जांच की वह मिल गया जिसकी पुलिस को तलाश थी। ट्रक के भीतर से शराब की बड़ी खेप पुलिस के हाथ लगी। इस मामले में पुलिस ने दो शराब कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया है।
READ ALSO : शहर में स्नैचिंग गिरोह के चार अपराधी गिरफ्तार, पलक झपकते उड़ा लेते थे गले की चेन
गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी
गिरफ्तार किए गए शराब कारोबारी राजस्थान के रहने वाले बताए जा रह हैं। हरियाणा से शराब की खेप लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर के लिए निकले थे। उन्हें क्या पता था कि मोतिहारी में पुलिस उनके मंसूबों पर पानी फेर देगी। ट्रक से बरामद शराब की बोतलों की गिनती की जा रही है। दोनों गिरफ्तार तस्करों से पुलिस पूछताछ कर रही है और शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बिहार सरकार में मद्य निषेध विभाग के आंकड़ों के मुताबिक़ शराबबंदी लागू होने यानी 1 अप्रैल 2016 से अब तक शराबबंदी क़ानून के तहत साढ़े छह लाख़ से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है।

