RANCHI: विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है। जिसमें मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि झारखंड सरकार ‘अबुआ आवास योजना’ के तहत लाभुकों को दो किस्तों में राशि देने पर विचार कर रही है। राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के विधायक शत्रुघ्न महतो के अल्पसूचित प्रश्न का जवाब दिया।
विधानसभा में विधायक शत्रुघ्न महतो ने बताया कि हजारों लाभुकों को योजना की पहली किस्त मिल गई है, लेकिन दूसरी किस्त जारी नहीं होने से आवास निर्माण नहीं हो पा रहा है। इस वजह से लोग ठंड में खुले में रात बिताने को मजबूर हैं।
ग्रामीण विकास मंत्री ने बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद केंद्र सरकार से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक बार फंड मिला था, लेकिन उसके बाद धनराशि नहीं मिली। इसी वजह से राज्य सरकार अबुआ आवास की दूसरी किस्त जारी करने में सक्षम नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार को 24 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं और तीन हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। जिसमें से 12 अरब रुपये जिलों को वितरित किए जा चुके हैं।

