अहमदाबाद : गुजरात और देश को झकझोर देने वाले एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 हादसे के बाद मृतकों की पहचान और अंतिम विदाई की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। वडोदरा के ईसाई मिशन संगठन को 120 ताबूत तैयार करने का ऑर्डर दिया गया है। यह काम सेवाभाव से जुड़े एल्फड्रिल थॉमस और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है।
शवों की पहचान और डीएनए जांच जारी
विमान हादसे में मारे गए यात्रियों की पहचान डीएनए टेस्टिंग से की जा रही है। अब तक 9 शवों की पहचान हो चुकी है और खेड़ा जिले के एक मृतक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। शवों की पहचान होते ही उन्हें सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा।
एल्फड्रिल थॉमस: 35 वर्षों से सेवा, पर इस बार कांप उठे हाथ
वडोदरा के एल्फड्रिल थॉमस, जो पिछले 35 वर्षों से आपदाओं के समय ताबूत बनाने का काम कर रहे हैं, कहते हैं कि 2001 के भूकंप में 40 ताबूत बनाए थे, पर इस बार 120 ताबूतों का ऑर्डर देखकर आंखें भीग गईं और हाथ कांप गए। लेकिन हमने सेवा भावना से काम शुरू कर दिया।
ताबूतों को सफेद कपड़े और पॉलीथिन से ढंका जा रहा है। शनिवार रात तक 50 ताबूत बन चुके थे और शेष रविवार तक पूरे हो जाएंगे।
एयर इंडिया और मिशन ग्रुप की तत्परता
जैसे ही एयर इंडिया ने ऑर्डर जारी किया, वडोदरा की मेथोडिस्ट क्रिश्चियन सोसायटी ने एल्फड्रिल थॉमस के नेतृत्व में काम शुरू कर दिया। ताबूत सीधे अहमदाबाद के अस्पतालों और एयरपोर्ट सेंटरों पर भेजे जा रहे हैं।

