Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के चाकुलिया स्थित चालुनिया पंचायत के जयनगर गांव के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कन्हाईश्वर पहाड़ पर पूजा करके लौट रहे दो युवकों की बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूजा कर लौट रहे थे घर, रास्ते में हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गालूडीह निवासी 27 वर्षीय नीलू सदन के रूप में हुई है, जबकि घायल 30 वर्षीय शिवम मंडल पाटमहुलिया का रहने वाला है। दोनों युवक अपनी बाइक (जेएच 05 डीके 3004) से पूजा करके अपने घर लौट रहे थे। तभी चाकुलिया-शीशाखून मुख्य सड़क पर जोड़ाम गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, एक घोषित मृत
दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों को अपनी बोलेरो गाड़ी से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने नीलू सदन को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिवम मंडल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
थाना प्रभारी ने रविवार को बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है और फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

