पलामू : पलामू जिले में मेदिनीनाराय मेडिकल कॉलेज में रात एक बड़ी कार्रवाई हुई, जब सदर एसडीओ सुलोचना मीणा ने पुलिस बल के साथ कॉलेज में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मेडिकल कॉलेज के छात्रों में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। कई छात्र अपने कमरे बंद कर चुपचाप निकल गए। छापामारी में
मेडिकल कॉलेज के हॉस्टलों से आपत्तिजनक सामान बरामद हुए। इसकी जानकारी मिलने के बाद छात्र-छात्राएं आक्रोशित हो गए और उन्होंने घंटों तक प्रदर्शन किया।
शिकायत मिलने के बाद हुई छापामारी
रविवार को सदर एसडीओ ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में नशेबाजी और विधि व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिली थीं। इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में हॉस्टल की तलाशी ली गई। सुलोचना मीणा और पुलिस टीम ने गर्ल्स और बॉयज हॉस्टल के कमरों की जांच की। जांच के दौरान कई कमरे अंदर से बंद मिले, जिन्हें खोलने में परेशानी आई। अंततः इन कमरों से शराब की बोतलें, गांजा और लड़कों के कमरे से लड़कियों के कपड़े भी बरामद हुए।
छात्रों ने किया हंगामा
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब तक छात्रों पर कोई पाबंदी नहीं थी, लेकिन जब उन्होंने कड़ी कार्रवाई की तो विद्यार्थी उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। प्रिंसिपल के कड़े कदम के विरोध में छात्रों ने हंगामा किया और उन्हें घेर लिया।

