जमशेदपुर : अरका जैन यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ नर्सिंग की ओर से बीएससी नर्सिंग के तृतीय बैच (सत्र 2024-2028) के विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का नाम “रूबरू 2025” रखा गया था, जिसका उद्देश्य नए छात्रों को सीनियर विद्यार्थियों और शिक्षकों से परिचित कराना था।

दीप प्रज्वलन व सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण से की गई। इसके बाद रंगारंग प्रस्तुतियों की शुरुआत हुई, जिसमें छात्रों ने नृत्य, संगीत और हास्य नाटकों ने चार चांद लगाए। इन प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि नए छात्रों में भी आत्मविश्वास का संचार किया।
मिस फ्रेशर और मिस्टर फ्रेशर की प्रतियोगिता
“रूबरू 2025” में एक दिलचस्प प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें नये छात्रों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया। इस प्रतियोगिता में “मिस फ्रेशर” और “मिस्टर फ्रेशर” के रूप में विजेताओं का चयन किया गया। यह पहल न केवल विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को उजागर करने में सहायक रही, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ावा दिया।
संदेश और शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान यूनिवर्सिटी के मैनेजमेंट बोर्ड के चेयरपर्सन डॉ. एस.एस रजी, डीन स्कूल ऑफ हेल्थ एंड एलाइंड साइंसेज डॉ. ज्योतिर्मया साहू और स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्रिंसिपल प्रो. जिनू एनी जोसेफ सहित अन्य वरिष्ठ शिक्षकों ने नवागत छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नर्सिंग के क्षेत्र में विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें अनुशासन, परिश्रम और सेवा भाव के महत्व को समझाया।
एक यादगार शाम
इस रंगारंग आयोजन का समापन सहभोज और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समापन में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर इस समारोह को सफल और यादगार बनाने के लिए एक दूसरे का आभार व्यक्त किया। बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष के छात्र प्रियांशु कुमार और छात्रा लिपिका पॉल ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया, जबकि कार्यक्रम की समन्वयक असिस्टेंट प्रोफेसर शरीन टोपनो और नर्सिंग ट्यूटर अंशुमाला खलखो थीं। “रूबरू 2025” ने सीनियर और फ्रेशर्स के बीच एक मजबूत और प्रेरणादायक संबंध की नींव रखी। यह आयोजन न केवल नए छात्रों के लिए एक उल्लासपूर्ण शाम साबित हुआ, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत किया।

