जमशेदपुर : कोर्ट परिसर में पेशकार पर हमला करने के आरोपी कदमा शास्त्रीनगर ब्लाक नंबर 2 निवासी मो. साहिल बच्चा से पूछताछ के बाद पुलिस ने शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
डेंड्राइट के नशे में किया पेशकार पर हमला
पूछताछ में मो. साहिल बच्चा ने पुलिस को बताया कि दो दिनों पूर्व अम्मी ने घर में बंद कर दिया था। जिसके बाद पड़ोसी के घर की छत के रास्ते निकलने का प्रयास किया। उनलोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद पिटाई कर दी। जिसके बाद उसे कदमा थाना ले जाया गया। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। वापस लौटने पर बस्ती के कुछ लोगों ने छुप कर रहने की बात कही, वरना पड़ोसी द्वारा पिटाई करने की बात कहकर धमकाया।
इसके बाद उसने छिपने के लिए सबसे उपयुक्त जगह जेल के बारे में सोचा। इसके लिए कोर्ट परिसर में ही किसी पर हमला करने की योजना बनाई, ताकि पुलिस उसे जेल भेज दे। इसी योजना के तहत उसने शुक्रवार को पेशकार पर हमला किया।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
मो. साहिल ने पुलिस को बताया कि वह घटना के दिन पैदल साकची गया। वहां 240 रुपये में चापड़ खरीदने के बाद 100 रुपये का डेंड्राइट खरीदा। डेंड्राइट का सेवन करने के बाद पैदल कोर्ट चला गया। कोर्ट गेट पर तैनान पुलिसकर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया। वह चकमा देकर भाग गया। इसके बाद वह कोर्ट परिसर में घूमता रहा। सभी कोर्ट में दो से तीन लोग मौजूद थे। एडीजे वन कोर्ट में पेशकार को अकेले बैठा देखा। मौके का फायदा उठाकर उसपर हमला कर दिया।
नशे का आदी है आरोपी :
पुलिस की ओर से बताया गया कि गिरफ्तार युवक काफी मात्रा में नशे का सेवन करता है। उसने पेशकार पर हमला के लिए कोई सुनियोजित योजना नहीं बनाई थी। सिर्फ जेल जाने के लिए उसने पेशकार पर हमला किया पूछताछ के बाद गिरफ्तार साहिल बच्चा को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में घायल एडीजे वन के पेशकार राकेश कुमार के बयान पर साहिल बच्चा पर जानलेवा हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार साहिल पूर्व में भी अलग- अलग मामले में जेल जा चुके हैं।
हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान, जोनल जज ने सुरक्षा की समीक्षा की:
जिला व्यवहार न्यायालय के अपर जिला व सत्र न्यायाधीश ( एडीजे वन) के पेशकार राकेश कुमार पर शुक्रवार को हुए चापड़ से हमला के मामले का हाइकोर्ट ने संज्ञान लिया है। चीफ जस्टिस के निर्देश पर जोनल जज सुजीत नारायण प्रसाद ने शनिवार को कोर्ट की सुरक्षा की समीक्षा की। इस दौरान प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, एसएसपी प्रभात कुमार मौजूद रहे।
जोनल जज ने कोर्ट परिसर समेत बार भवन का जायजा लिया। कहा कि शाम साढ़े पांच बजे के बाद पुलिस रिमांड न करे। कोर्ट गेट पर 24 घंटे सुरक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए। मौके पर तदर्थ कमेटी द्वारा वाहनों की पार्किंग का मुद्दा उठाया गया। इस पर जोनल जज ने कोर्ट परिसर के बीच में रेलिंग से घेरे गये स्थल में दो पहिया वाहन की पार्किंग बनाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा कार पार्किंग को बढ़ाने का निर्देश दिया। जोनल जज ने कोर्ट में सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया। जोनल जज ने कहा कि कोर्ट परिसर में सिर्फ अधिवक्ता और कोर्ट कर्मियों के वाहन ही प्रवेश करेंगे। गेट पर सघनता से जांच कराने का निर्देश दिया।
यह है मामला : शुक्रवार की शाम करीब छह बजे एडीजे वन के इजलास में घुसकर कदमा शास्त्रीनगर ब्लाॅक नंबर 2 निवासी मो साहिल बच्चा ने पेशकार राकेश कुमार पर चापड़ से हमला किया था। भागने के क्रम में पुलिस ने साहिल बच्चा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चापड़ बरामद किया गया।
पुलिस की लापरवाही के कारण घटी घटना : तदर्थ कमेटी
इस घटना को लेकर शनिवार को जिला बार एसोसिएशन की तदर्थ कमेटी की बैठक हुई। बैठक के बाद कमेटी ने प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश को ज्ञापन सौंप कर बताया कि पुलिस की लापरवाही के कारण पेशकार पर हमला हुआ। कोर्ट परिसर में अक्सर अधिवक्ता भी छह से साढ़े छह बजे तक अपना काम निपटाते रहते हैं।
जिस वक्त घटना घटी मेन गेट पर फोर्स की तैनाती नहीं थी. इस कारण बदमाश कोर्ट तक पहुंच गया. आरोप लगाया कि सुरक्षा के मामले में जिला पुलिस की ओर से कोर्ट में लापरवाही बरती जा रही है। मौके पर जिला बार एसोसिएशन तदर्थ कमेटी के संयोजक लाला अजीत अंबष्ट समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।
कोर्ट के काम से दूर रहे अधिवक्ता :
इधर, पेशकार पर हुए हमले के विरोध में शनिवार को कोर्ट के अधिवक्ता काम से दूर रहे। शनिवार को कोर्ट में काम नहीं हो सका। अधिवक्ताओं ने पेशकार राकेश कुमार पर हुए हमले की निंदा की। वहीं, कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
संतरी सस्पेंड, प्रभारी को एसएसपी ने किया शोकॉज :
इधर, शुक्रवार को हुई घटना को लेकर एसएसपी प्रभात कुमार ने कोर्ट के मेन गेट पर तैनात संतरी आरक्षी सुरेश प्रसाद को सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा कोर्ट प्रभारी एएसआई धर्मेन्द्र कुमार चौधरी को शोकॉज किया है।
पेशकार को टीएमएच से मिली छुट्टी :
दूसरी ओर, चापड़ के हमला से घायल एडीजे वन के पेशकार राकेश कुमार के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्हें शनिवार को टीएमएच से छुट्टी मिल गयी। घटना के बाद से कोर्ट कर्मी भयभीत हैं।
READ ALSO : लोहरदगा में तीन किलो गांजा और 50 ग्राम चरस के साथ चार गिरफ्तार

