सेंट्रल डेस्क- Baba Siddiqui murder case: NCP नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के संबंध में नए खुलासे हुए है। पुलिस जांच में पता चला है कि साजिश का आरोपी अनमोल बिश्नोई लगातार हत्या करने वालों के संपर्क में था और हत्या के बदले में उसने आरोपियों को फ्लैट, कार और 5 लाख रुपये एडवांस देने का वादा किया था। मुंबई पुलिस की दायर की गई चार्जशीट में ये बातें लिखी गई है।
दायर चार्जशीट के अनुसार, अनमोल बिश्नोई एक संगठित अपराध सिंडिकेट का नेतृत्व करता था। गौरतलब है कि 12 अक्टूबर, 2024 को गैंग के सदस्यों ने बाबा सिद्दीकी की हत्या की थी। पुलिस ने इस मामले में कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिनकी उम्र 19 से 43 साल के बीच बताई गई है। इनमें से ज्यादातर की उम्र 20 साल के आसपास है। गौरतलब है कि अनमोल बिश्नोई इस केस में वांटेड आरोपी है। खबरों के अनुसार, फिलहाल वो अमेरिकी पुलिस की हिरासत में है।
स्नैपचैट, इंस्टाग्राम के जरिए बनाया था आरोपियों से संपर्क
पुलिस का दावा है कि अनमोल स्नैपचैट और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार आरोपियों से संपर्क बनाए हुए था। जिसमें आरोपी शुभम लोनकर भी शामिल था, यह वही शख्स है जिसने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सार्वजनिक तौर पर हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
पुलिस के हाथ लगी बातचीत की रिकॉर्डिंग
चार्जशीट में आरोपियों के दिए गए बयानों और डिजिटल सबूतों का उपयोग करके पुलिस ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बिश्नोई की भूमिका का विस्तृत विवरण दिया है। पुलिस के हाथ लगी बातचीत की एक रिकॉर्डिंग में अनमोल कथित तौर आरोपियों को सिद्दीकी के बांद्रा स्थित आवास के पास रेकी करने का निर्देश दे रहा था। साथ ही इसके लिए उन्हें इनाम देने का भी वादा किया था।
चार्जशीट के मुताबिक अनमोल ने आरोपियों से कहा,
राम राम भाई लोग, आप सबको लॉरेंस भाई ने भी राम राम बोलने को बोला है। क्या चल रहा है? अपने को एक काम करना है, हिम्मत रखो। बांद्रा में घर के पास रेकी करना है। उसी इलाके में एक घर भाड़े पर ले लो। अपना काम होने के बाद एक फोर व्हीलर गाड़ी और एक फ्लैट हर एक को मिलेगा. उससे पहले पांच लाख एडवांस दूंगा। अपने को अपने धरम के लिए जीने का है।
सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी में था अनमोल का नाम
पुलिस ने दावा किया है कि यह बातचीत लोनकर और अनमोल के बीच स्पीकर फोन पर तीन अन्य आरोपियों की मौजूदगी में हुई थी। पुलिस द्वारा दायर चार्जशीट के अनुसार, अनमोल ने अपने सहयोगी अनुज थापन की मौत का बदला लेने के लिए यह साजिश रची। अनुज थापन ने ही अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की थी। इसके लिए उसे अरेस्ट किए जाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर
ली थी। पुलिस का मानना है कि सिद्दीकी को सलमान खान के साथ उनके करीबी संबंधों के लिए निशाना बनाया गया था। चार्जशीट में सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी वाली घटना में भी अनमोल का नाम सामने आया है।
बाबा सिद्दीकी की हत्या में शामिल आरोपियों से पुलिस ने जब्त किए गए फोन से स्नैपचैट यूजरनेम और अकाउंट डिटेल्स बरामद किए गए हैं। साथ ही हथियार, गोला-बारूद, लोकेशन स्नैपशॉट और सिद्दीकी के घर और ऑफिस की तस्वीरें भी मिली हैं। इसमें आरोपियों की फायरिंग प्रैक्टिस के भी सबूत मिले हैं। इस महीने की शुरुआत में फाइल चार्जशीट में 26 आरोपियों और तीन वांटेड आरोपियों के नाम हैं। चार्जशीट में अरेस्ट किए गए आरोपियों में से कुछ के कबल किए गए बयान भी शामिल हैं। हत्या में शामिल आरोपियों में से एक ने बताया कि सिद्दीकी की हत्या की साजिश जून से पहले रची गई थी, जब कि आरोपियों ने अगस्त में कुर्ला में एक फ्लैट किराए पर लिया था और सिद्दीकी के ऑफिस और घर की रेकी की थी।

