Home » मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आंगनबाड़ी सेविकाओं, पर्यवेक्षिकाओं को दिया स्मार्टफोन, बोले-तकनीक हमारे जीवन का हिस्सा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आंगनबाड़ी सेविकाओं, पर्यवेक्षिकाओं को दिया स्मार्टफोन, बोले-तकनीक हमारे जीवन का हिस्सा

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी सेविकाओं, पर्यवेक्षिकाओं और हेल्प डेस्क कर्मियों को स्मार्टफोन वितरित किए और डिजिटलीकरण के महत्व पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में तकनीक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है।

रिपोर्ट तैयार करने में मिलेगी मदद

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और गतिविधियों में डिजिटाइजेशन से कार्यों में न केवल गति आएगी, बल्कि यह कार्यों को सरल और सुगम भी बनाएगा। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन के जरिए आंगनबाड़ी सेविकाओं और पर्यवेक्षिकाओं को अपने कार्यों में मदद मिलेगी और वे अपनी रिपोर्ट्स एवं विवरणी को आसानी से तैयार कर सकेंगी। इसके साथ ही, स्मार्टफोन का इस्तेमाल रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए भी किया जाएगा, जिससे योजनाओं के कार्यान्वयन पर नजर रखी जा सकेगी।

सरकार द्वारा बताए एप्स का करें इस्तेमाल

मुख्यमंत्री ने सेविकाओं से यह भी कहा कि उन्हें जो स्मार्टफोन प्रदान किया जा रहा है, उसका उपयोग केवल सरकार द्वारा सुझाए गए ऐप्स के माध्यम से सरकारी कार्यों में ही किया जाए। उन्होंने मोबाइल सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी और कहा कि स्मार्टफोन का उपयोग सुरक्षित तरीके से करें और लोक लुभावन संदेशों से बचें। स्मार्टफोन में ऐप डाउनलोड करने में हमेशा सतर्क रहें।

स्मार्ट फोन का उपयोग ठीक से करें

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि स्मार्टफोन के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलू होते हैं। उन्होंने उदाहरण दिया कि स्मार्टफोन के माध्यम से आज की दुनिया संकुचित हो गई है, लेकिन साथ ही इसके गलत उपयोग से अपराधों का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी को स्मार्टफोन के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया और कहा कि यदि इसे सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो यह जीवन को बेहद आसान बना सकता है।

कार्यों को बनाता है आसान

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्मार्टफोन केवल एक उपकरण नहीं है, बल्कि यह एक सहयोगी की तरह काम करता है, जो आपके कार्यों को आसान बनाता है। स्मार्टफोन का सदुपयोग आपके कार्यों को अधिक प्रभावी और बेहतर तरीके से करने में मदद करेगा। इसमें कोई संदेह नहीं कि यह तकनीकी विकास आपके काम को आसान और प्रभावी बनाएगा।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार, सामाजिक सुरक्षा निदेशक किरण कुमार पासी और कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles