
Dhanbad : धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने मंगलवार को धनबाद परिसदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निरसा विधायक अरूप चटर्जी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि विधायक फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के सबसे बड़े संरक्षक हैं और कोयलांचल में आपराधिक तत्वों को संरक्षण दे रहे हैं।
ढुल्लू महतो ने कहा कि विधायक ने कोयलांचल के वरिष्ठ वामपंथी नेता एके राय की राजनीतिक विरासत को खत्म कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरूप चटर्जी दो अलग-अलग मामलों में आरोपी रहे हैं, जिनमें सुशांतो सेनगुप्ता की हत्या तथा राजीव मिश्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला शामिल है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं और यदि उन पर लगाया गया एक भी आरोप साबित हो जाए तो वे सरकार से इच्छा मृत्यु की मांग करेंगे।
सांसद ने आरोप लगाया कि मासस नेता मोइज़ खान, प्रिंस खान का प्रमुख शूटर है। उन्होंने दावा किया कि 25 मई को पुलिस ने तालडांगा स्थित मोइज़ खान के घर से प्रिंस खान के मुख्य शूटर रिजवान सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था। उनके अनुसार, रिजवान की गिरफ्तारी के बाद से मोइज़ खान फरार है और मोइज़, रिजवान तथा प्रिंस खान को विधायक अरूप चटर्जी का संरक्षण प्राप्त है।
ढुल्लू महतो ने विधायक से सार्वजनिक रूप से सवाल किया कि मोइज़ खान फिलहाल कहां है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें फंसाने के लिए फोन कॉल के जरिए साजिश रची जा रही है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सांसद ने कहा कि वह किसी भी गलत व्यक्ति के सामने न पहले झुके हैं और न भविष्य में झुकेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निरसा क्षेत्र में उनकी ओर से स्वीकृत एलिवेटेड सड़क परियोजना को रंगदारी के उद्देश्य से रोका गया तथा इसके लिए छह करोड़ रुपये की मांग की गई।
Read also –

