Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह कब्रिस्तान के पास सोमवार को एक मामूली विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया। दो लोगों में बहस के बाद जम कर बवाल हुआ है। पुलिस ने पहुंच कर मामले को संभाला। गौरतलब है कि एक टेंट हाउस संचालक और मुखी समाज के एक युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ते हुए तनावपूर्ण स्थिति में बदल गई।विवाद की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग सहम गए।
स्थिति को गंभीर होते देख तुरंत झारखंड पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बिष्टुपुर थाना पुलिस ने हालात को संभालते हुए दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया।फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। डीसी को दी गई सूचना इधर, समाजसेवी सरफराज हुसैन ने इस घटना की जानकारी उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को दूरभाष के माध्यम से दी और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
क्या थी घटना
बताया जा रहा है कि धतकीडीह के इम्तियाज का अप्सरा टेंट हाउस है। इम्तियाज का कहना है कि उसने सीसीटीवी फुटेज में देखा कि कुछ युवक उसके टेंट हाउस से सामान चोरी कर रहे हैं। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और युवकों से पूछताछ करने लगे। इसी को लेकर विवाद बढ़ गया और हाथापाई हो गई। बाद में दूसरे गुट के कुछ युवक हावड़ा बेकरी के पास पहुंचे और परवेज खान के घर पर धावा बोल दिया। यहां उत्पात मचाया। परवेज खान का कहना है कि उनसे कोई मामला नहीं था फिर भी युवकों ने उनके घर को निशाना बनाया। वहीं, युवकों का कहना है कि लोगों ने परवेज के घर को इम्तियाज का घर समझ लिया था। इस वजह से ऐसी घटना घटी। दूसरे गुट के लोगों का कहना है कि कुछ युवक खेल रहे थे। तभी गेंद धतकीडीह कब्रिस्तान की तरफ चली गई थी। वहां गेंद लेने गए युवकों से मारपीट की गई। इसी के बाद मामला बढा। फिलहाल घटनास्थल के आसपास पुलिस लगा दी गई है।
बिष्टुपुर में दुकानदार की लड़की पर फेंक दी खौलती चाय
बिष्टुपुर में दबंगों ने बजरंग चाय सेंटर पर हंगामा हुआ। एक युवक ने चाय बनने में देर होने पर गर्म चाय महिला दुकानदार की लड़की पर गर्म चाय फेंक दी है। महिला दुकानदार ने बताया कि एक युवक आया और उसने चाय बनाने को कहा। चाय बनने में देर हुई। इसके बाद जब उसे चाय दी गई तो पैसे भी मांगे गए। इस पर युवक आगबबूला हो गया और बोला कि एक तो चाय बना कर देर में दिया और उस पर पैसा मांग रही हो। युवक ने गुस्से में चाय लड़की के ऊपर फेंक दी। लड़की बुरी तरह जल गई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला दुकानदार ने पुलिस को बताया है कि उसने चाय फेंकने के साथ ही दुकान में तोड़फोड़ भी की है। गौरतलब है कि इन दिनों जमशेदपुर में युवकों की दबंगई बढ़ती जा रही है। लोगों में पुलिस का जरा खौफ नहीं है।
Read also Jamshedpur News : मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने लौटाए सरकारी वाहन, मानदेय भी नहीं लेंगी

