Hazaribagh : बड़कागांव वन क्षेत्र के इंदिरा जंगल स्थित अवैध कोयला खदान में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। खदान धंसने से उसमें काम कर रहे एक मजदूर की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। काफी मशक्कत के बाद मजदूर का शव मलबे से बाहर निकाला गया।
मृतक बड़कागांव प्रखंड के होरम निवासी हरि महतो है। बताया जाता है कि हरि महतो कोयला मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके निधन से परिवार पर गहरा संकट आ गया है। वह अपने पीछे पत्नी सरिता देवी और दो छोटे पुत्र छोड़ गया है, जिनकी उम्र क्रमशः 12 वर्ष और 9 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद घर में मातम पसरा है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हरि महतो अवैध खदान में कोयला निकालने के दौरान अंदर काम कर रहा था।
इसी बीच अचानक खदान की मिट्टी धंस गई और वह मलबे में दब गया। आसपास मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। वहीं, वन पदाधिकारी महेश कुमार दास ने कहा कि वह अवकाश पर हैं और घटना की जानकारी उन्हें भी नहीं है। गौरतलब है कि इंदिरा जंगल क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन की गतिविधियां चल रही हैं। इसे लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। चौपदार बलिया के मुखिया प्रतिनिधि चंदनपुरी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि वन क्षेत्र में अवैध खनन प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने अवैध खदानों पर तत्काल रोक लगाने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की।
Read Also: Jamshedpur News : मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने लौटाए सरकारी वाहन, मानदेय भी नहीं लेंगी

