
दुमका : झारखंड के दुमका जिला अंतर्गत शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसों से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर पत्ताबाड़ी के समीप दुमका-रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया। मंगलवार सुबह तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
पहला हादसा सरसडंगाल के पास हुआ। यहां तेज गति से आ रहे हाईवा ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया कि दोनों युवक हटिया से लौट रहे थे। दुर्घटना में सरकार हेंब्रम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए रामपुरहाट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना पत्ताबाड़ी के पास रात करीब 12 बजे हुई। सड़क किनारे खराब हालत में खड़े हाईवा में पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रात में ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बरमसिया निवासी मकसूद अंसारी और शहर घाटी गांव निवासी अकबर अंसारी के रूप में हुई है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने रोका वाहनों का परिचालन
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रात करीब एक बजे पत्ताबाड़ी के पास सड़क पर वाहनों का परिचालन रोक दिया। जाम के कारण दुमका-रामपुरहाट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने बाइक को छोड़कर अन्य चारपहिया वाहनों, विशेषकर ट्रकों के आवागमन पर रोक लगा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा मिलने के बाद ही सड़क जाम समाप्त किया जाएगा। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और जाम हटवाने का प्रयास कर रही है, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।

