
वोटर आईकार्ड सत्यापन और एफिडेविट की त्रुटियां दूर कराने के नाम पर पैसे लेने का वीडियो हुआ था वायरल, डीसी ने की कार्रवाई
रांची : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के नाम पर 100 रुपये वसूलने के आरोप में हजारीबाग के बरही अनुमंडल में पदस्थापित सहायक प्रशासी पदाधिकारी तुलसी श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। वोटर आईकार्ड के सत्यापन और एफिडेविट में त्रुटियों का निराकरण कराने के नाम पर उनसे 100 रुपये लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तीन नवंबर को निलंबन का आदेश जारी किया।
अनुमंडल पदाधिकारी, बरही की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने मामले की जांच की। आदेश में कहा गया है कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित होते हैं। इसे सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम 3.1 (i), (ii) और (iii) के प्रतिकूल माना गया है। इसके बाद झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के नियम-9 (1) (क) के तहत कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि के दौरान तुलसी श्रीवास्तव का मुख्यालय प्रखंड कार्यालय, चलकुशा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। उपायुक्त कार्यालय की स्थापना शाखा ने संबंधित अधिकारियों को आदेश की प्रति भेजकर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।

