Home » Jamshedpur News : टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन को मिला प्रतिष्ठित फाइव-स्टार अचीवर अवॉर्ड

Jamshedpur News : टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन को मिला प्रतिष्ठित फाइव-स्टार अचीवर अवॉर्ड

कोयला मंत्रालय ने क्वरी साउथ ईस्टर्न ब्लॉक को 2024-25 के लिए ओपनकास्ट माइंस श्रेणी में किया सम्मानित, 382 खदानों में केवल 50 को मिली फाइव-स्टार रेटिंग

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन ने खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कोयला मंत्रालय की ओर से 2 नवंबर को रायपुर में आयोजित ‘स्टार रेटिंग ऑफ कोल एंड लिग्नाइट माइंस’ पुरस्कार समारोह में डिवीजन को प्रतिष्ठित ‘फाइव-स्टार अचीवर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान आकलन वर्ष 2024-25 के लिए ओपनकास्ट माइंस श्रेणी में डिवीजन की क्वरी साउथ ईस्टर्न ब्लॉक (SEB) को प्रदान किया गया।

कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने यह पुरस्कार प्रदान किया। समारोह में टाटा स्टील और कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

इस वर्ष ओपनकास्ट, अंडरग्राउंड और मिक्स्ड माइंस श्रेणियों में कुल 382 खदानों ने स्टार रेटिंग के लिए हिस्सा लिया था। इनमें से महज 50 खदानें ही प्रतिष्ठित फाइव-स्टार रेटिंग हासिल कर सकीं। ऐसे में टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन की यह उपलब्धि खनन क्षेत्र में उसके उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वेस्ट बोकारो डिवीजन के जनरल मैनेजर मुकेश रंजन ने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम की सामूहिक प्रतिबद्धता और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील के सभी कार्यों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। परिचालन उत्कृष्टता, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सामुदायिक विकास पर निरंतर ध्यान देने से कंपनी को जिम्मेदार खनन संगठन के रूप में विशिष्ट पहचान मिली है। यह उपलब्धि भविष्य में प्रदर्शन के और बेहतर मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी।

गौरतलब है कि कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली के तहत खदानों का मूल्यांकन सुरक्षा, वैज्ञानिक खनन पद्धतियों, पर्यावरण प्रबंधन, तकनीक के उपयोग, सतत विकास और समग्र परिचालन प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य भारतीय खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देना और खनन गतिविधियों में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Comment