Home » Kolhan University : ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर युवा संसद में गूंजे युवाओं के विचार, 150 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

Kolhan University : ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर युवा संसद में गूंजे युवाओं के विचार, 150 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

कोल्हान विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा संसद-2026 का आयोजन, पूजा कुदादा प्रथम, अश्विनी गुप्ता द्वितीय और सुप्रिया महतो तृतीय स्थान पर रहीं

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के पीजी विभाग ब्लॉक-ए में शनिवार को विकसित भारत युवा संसद-2026 का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, पश्चिम सिंहभूम तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), कोल्हान विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर लोकतंत्र, चुनावी व्यवस्था और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, कोल्हान विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान संकाय के डीन डॉ. परसुराम सियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मधु कोड़ा ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया और देश के विकास पर इस अवधारणा के संभावित प्रभावों के बारे में युवाओं को जानकारी दी। साथ ही युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का विकास करने के लिए विभिन्न गतिविधियों, प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा संसद जैसे मंच युवाओं को अपने विचार रखने, तार्किक चिंतन विकसित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

पूजा कुदादा ने हासिल किया प्रथम स्थान

भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार तार्किक एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में गवर्नमेंट आईटीआई कॉलेज की पूजा कुदादा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला कॉलेज, चाईबासा की अश्विनी गुप्ता द्वितीय तथा कोल्हान विश्वविद्यालय के पीजी विभाग, भूगोल की छात्रा सुप्रिया महतो तृतीय स्थान पर रहीं।

तीनों विजेताओं को अतिथियों ने सम्मानित किया। अब ये प्रतिभागी रांची में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कोल्हान विश्वविद्यालय एवं पश्चिम सिंहभूम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

विश्वविद्यालय की कुलपति के प्रति जताया आभार

कार्यक्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय की एनएसएस निदेशक डॉ. मीनाक्षी मुंडा, श्री प्रताप कटियार, श्री संजय, सहायक प्राध्यापक डॉ. धर्मेंद्र रजक, प्रोफेसर संजीव आनंद, डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो, प्रो. कंचन कच्छप, डॉ. विकास नंदन, डॉ. तनुजा मोहंती, डॉ. सुनीता कुमारी, प्रो. जया जैकक्लिन तिर्की, प्रो. प्रदीप झा, डॉ. हरीश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आयोजकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, तार्किक चिंतन को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना था। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।

Read Also Chaibasa News : चक्रधरपुर में 3.37 करोड़ से बनेगी PCC सड़क और पुल-पुलिया, शहर से गांव तक आवागमन होगा सुगम

Related Articles

Leave a Comment