Home » Mahila College Chaibasa : युवा उत्सव में दिखी प्रतिभा की चमक, 250 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

Mahila College Chaibasa : युवा उत्सव में दिखी प्रतिभा की चमक, 250 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

महिला कॉलेज चाईबासा में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ थीम पर हुआ आयोजन, लोकनृत्य, लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा

by Hari Shankar Gope
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने और युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को महिला कॉलेज, चाईबासा में जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा जिला प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम की खेल शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से 250 से अधिक बालक-बालिका प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ थीम पर आयोजित इस उत्सव में युवाओं की कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उप विकास आयुक्त एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेम्ब्रम, महिला कॉलेज की प्राचार्या, राष्ट्रीय सेवा योजना के पदाधिकारी, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य एवं शिक्षकगण तथा जिला खेल कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहे।

पांच प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

युवा उत्सव के दौरान सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और युवा चेतना को अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चयनित किया गया।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं की सूची

 सामूहिक लोकनृत्य

– प्रथम स्थान: राउतु ग्रुप, टाटा कॉलेज

– द्वितीय स्थान: लव एंड ग्रुप, डिग्री कॉलेज, मझगांव

– तृतीय स्थान: महिला कॉलेज डांस ग्रुप, महिला कॉलेज

सामूहिक लोकगीत

– प्रथम स्थान: महिमा स्वर्णा ग्रुप, महिला कॉलेज

– द्वितीय स्थान: जासमीन पिंगुआ ग्रुप, डिग्री कॉलेज, मझगांव

– तृतीय स्थान: शहदेव प्रसाद ग्रुप, संत ऑगस्टिन कॉलेज

कविता लेखन

– प्रथम स्थान: ईशा लोहार, महिला कॉलेज

– द्वितीय स्थान: राकेश गोप, मांगीलाल रूंगटा कॉलेज

– तृतीय स्थान: निकिता गोप, महिला कॉलेज

चित्रकला

– प्रथम स्थान: दीक्षा कुमारी गोप, महिला कॉलेज

– द्वितीय स्थान: रिमझिम खलको, संत जेवियर कॉलेज

– तृतीय स्थान: सरस्वती सुंडी, महिला कॉलेज

नुक्कड़ नाटक

– प्रथम स्थान: बाल बृजेश बिरुआ, टाटा कॉलेज

– द्वितीय स्थान: बिदिशा एंड ग्रुप, महिला कॉलेज

– तृतीय स्थान: आरती ग्रुप, अखरा कोल्हान

प्रमंडल से राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर

आयोजकों ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रमंडल स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इस क्रमिक प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

उपायुक्त ने विजेताओं को किया सम्मानित, नशे से दूर रहने की अपील

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विजेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उपायुक्त ने युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे मंच युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें बेहतर दिशा में विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने सकारात्मक सोच, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए युवाओं को प्रेरित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला कॉलेज, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा जिला प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम के खेल विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Read Also Chaibasa News : निखिल भारत बंग साहित्य सम्मेलन का दो दिवसीय अधिवेशन पिल्लई हॉल में शुरू, तीन राज्यों के प्रतिनिधि हुए शामिल

Related Articles

Leave a Comment