धनबाद : धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पासी धौड़ा में गुरुवार को खाने-पीने के विवाद और पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। पूर्व विवाद को लेकर दो गुटों के बीच अचानक मारपीट शुरू हो गई, जिसमें एक युवक रवि पासी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। इस हमले में रवि पासी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग उग्र हो गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। इस दौरान इलाके में जमकर तोड़फोड़ हुई, जिससे पासी धौड़ा क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट और पत्थरबाजी की घटना से पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुटकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
घायल रवि पासी के पिता बद्री पासी ने बताया कि उनका बेटा घर के बाहर चाय पी रहा था, तभी अचानक कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

