- एनडीआरएफ की टीम ने चला रखा था तलाशी अभियान
- डीसी-एसपी मौके पर रहे मौजूद, काफी संख्या में ग्रामीणों की भी लगी रही भीड़
- कोयल नदी में डूबे छात्रों को ढूंढने के लिए एनडीआरएफ की टीम ने आठ घंटे तक की तलाशी
लोहरदगा : कोयल नदी में डूबे तीन छात्रों का शव घटना के 24 घंटे बाद मंगलवार को बरामद कर लिया गया। इसके लिए एनडीआरएफ की टीम ने आठ घंटे तक सर्च अभियान चलाकर एक-एक कर तीनों छात्रों के शवों को बरामद करने में सफलता पाई है। मौके पर डा. वाघमारे प्रसाद कृष्ण, लोहरदगा एसपी हारिस बिन जमां के साथ जिला और पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे। काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ भी लगी हुई रही।

लोहरदगा शहरी क्षेत्र के बरवाटोली निवासी नीलकंठ महली, राजा बंगला निवासी आयुष कुमार और जुरिया गांव निवासी नवनीत भगत लोहरदगा शहरी क्षेत्र के मधुसूदन लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के 11वीं के छात्र थे। ये तीनों विद्यार्थी एक अन्य छात्र बुद्धमन उरांव के साथ सोमवार को कॉलेज से कोयल नदी में नहाने के लिए चले गए थे। इसी दौरान नीलकंठ, नवनीत और आयुष कोयल नदी के गहरे पानी में डूब गए। जबकि बुद्धमन उरांव एक राहगीर की आवाज सुनकर नदी में जाने से पहले रुक गया और वह नदी में डूबने से बच गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस-प्रशासन ने तलाशी अभियान चलाया, परंतु सोमवार को कोई भी कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। एनडीआरएफ की टीम मंगलवार की सुबह लोहरदगा पहुंची। जिसके बाद कोयल नदी में डूबे तीनों विद्यार्थियों की तलाशी को लेकर अभियान चलाया।
इसी दौरान एनडीआरएफ की टीम ने आठ घंटे की तलाशी के बाद तीनों विद्यार्थियों के शव को बरामद कर लिया है। जिनकी पहचान आयुष, नीलकंठ और नवनीत के रूप में हुई है। घटना को लेकर विद्यार्थियों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोयल नदी में डूबे तीनों छात्रों की तलाशी को लेकर आठ घंटे तक लगातार अभियान चलाया गया। जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम को सफलता मिली। मौके पर लोहरदगा डीसी डा. वाघमारे प्रसाद कृष्ण, लोहरदगा एसपी हारिस बिन जमां सहित कई प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
Read Also- Ranchi Police : रांची पुलिस के शिकंजे में दो नकली साधु, ठगी के जेवर और कैश बरामद

