Jamshedpur/Bokaro (Jharkhand): जमशेदपुर निवासी और बोकारो जिले के मुफस्सिल थाना में पदस्थापित सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन का मंगलवार (6 मई) को हृदय गति रुकने से असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से परिजनों समेत सगे-संबंधियों, ईष्ट-मित्रों व पुलिस महकमे में शोक व्याप्त है। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और माता-पिता हैं, जिन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कुछ दिनों से सांस लेने में हो रही थी तकलीफ
जानकारी के अनुसार राजीव रंजन कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। मंगलवार को उनके निधन की खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
गोलमुरी पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि
दिवंगत सर्किल इंस्पेक्टर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मंगलवार को गोलमुरी पुलिस लाइन में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस श्रद्धांजलि सभा में सिटी एसपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया और उन्हें सलामी परेड के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दुखद अवसर पर राजीव रंजन की दोनों बेटियां, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सभी वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।
मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी
राजीव रंजन अपने सहकर्मियों के बीच एक बेहद मिलनसार और अच्छे स्वभाव वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ उनके बहुत अच्छे संबंध थे। उन्होंने हमेशा पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ अपने पुलिस कर्तव्यों का निर्वहन किया, जिसके कारण समाज में उनकी अच्छी खासी इज्जत थी। सभी लोग उन्हें एक सच्चे पुलिस वाले और एक बहादुर इंसान के तौर पर सम्मान देते थे। उनके निधन से पुलिस विभाग ने एक कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील अधिकारी खो दिया है।

