बोकारो : बोकारो में अतिक्रमण हटाने गई गई टीम पर शनिवार को लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें दो जवान घायल हो गए हैं। उनका इलाज चल रहा है। हवाई अड्डा विस्तार और बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर बीएसएल प्रबंधन तथा प्रशासन द्वारा यहां अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है।
शनिवार को टीम सेक्टर 12ए काली मंदिर के आगे अतिक्रमण हटाने गई थी। इस क्रम में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहां काफी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। कार्रवाई करने पहुंची बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की टीम पर कब्जाधारियों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में सुरक्षा बल का जवान बबलू कुमार और अकरम अंसारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन और बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की ओर से कई दिनों से एयरपोर्ट विस्तार के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को सूचना मिली थी कि सेक्टर 12ए काली मंदिर के आगे कुछ लोगों ने नई जगह पर अवैध कब्जा कर छह से सात घर बना लिए हैं। इसके बाद सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
कार्रवाई करने पहुंची टीम के साथ पहले नोंकझोंक हुई। हल्ला सुनकर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। कब्जाधारियों ने विरोध जताते हुए अचानक सुरक्षा कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते इलाके में अफरातफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पथराव में दो जवान घायल हो गए, जबकि अन्य सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया गया।
पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि एयरपोर्ट विस्तार कार्य में बाधा बनने वाले अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read Also: Khunti Accident: बैल को बचाने में पलटी डीजे गाड़ी, शादी से लौट रहे 7 घायल

