Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातू में शनिवार की सुबह एक युवक रवि सिंह ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी पत्नी रेशमा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बीच बचाव करने पहुंची रेशमा की मां सुनीता कालिंदी भी मारपीट में घायल हुई हैं। दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घरेलू विवाद में हुई घटना
आरोपी पति रवि सिंह घटना को अंजाम देकर फरार हो गया है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। बताते हैं कि रवि सिंह के घर में घरेलू विवाद हो गया था। रवि सिंह का उसकी पत्नी रेशमा से झगड़ा हो गया। इसी बात पर रवि सिंह ने आपा खो दिया और चाकू उठाकर रेशमा पर कई वार किया। उसकी गर्दन पर वार किया गया।
रेशमा की गर्दन पर गंभीर घाव
रेशमा की गर्दन पर गंभीर घाव हो गया है। खून से लथपथ रेशमा को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का जायजा लिया गया है। आरोपी पति की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पड़ोसियों का कहना है कि रवि सिंह पहले भी कई बार अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर चुका है।

