बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक फल व्यवसायी को गोली मारकर सनसनी फैला दी। वारदात रविवार को सेक्टर 4 थाना क्षेत्र के लक्ष्मी मार्केट स्थित फल गोदाम के पास घटी। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी की पहचान विवेक कुमार साव के रूप में हुई है, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
ठेला निकालते समय मारी गोली
जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार साव रोज की तरह जब अपने फल के ठेले को निकालने में व्यस्त थे, उसी समय अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल चास स्थित केएम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पत्नी ने दी जानकारी, मौके पर पहुंची पुलिस
घायल व्यवसायी की पत्नी ने बताया कि विवेक सेक्टर 4 सिटी सेंटर स्थित सब्जी मार्केट में फल का ठेला लगाते हैं। रोज की तरह रविवार को भी वह ठेला निकाल रहे थे, तभी अपराधियों ने हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी आलोक रंजन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, और अपराधियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद सेक्टर 4 थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सबूत इकट्ठा करना शुरू कर दिया। पुलिस द्वारा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
फल व्यापारियों में डर का माहौल
इस वारदात के बाद इलाके के फल और सब्जी व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

